रेल प्रशासन द्वारा रक्षा विभाग एवं सिविल प्रशासन के अधिकारियों के साथ समन्वय बैठक आयोजित

PRAYAGRAJ NEWS: बुधवार को प्रयागराज मण्डल कार्यालय के संकल्प सभागार में मण्डल रेल प्रबन्धक/प्रयागराज रजनीश अग्रवाल की अध्यक्षता में रक्षा विभाग एवं सिविल प्रशासन के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक का उद्देश्य भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन तथा प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के विकास एवं विस्तार हेतु भूमि की उपलब्धता और उससे जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करना इस बैठक में जिलाधिकारी प्रयागराज मनीष कुमार वर्मा, इंडियन आर्मी के कर्नल रवि कुमार सिंह,एयरफोर्स के ग्रुप कैप्टन एल.के.तनेजा,अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार सहित रेलवे,रक्षा विभाग एवं सिविल प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। विचार-विमर्श के दौरान स्टेशनों पर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए भूमि,पहुंच मार्ग, यातायात प्रबंधन,सुरक्षा व्यवस्था एवं यात्री सुविधाओं से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही विकसित किए जा रहे प्रयागराज जंक्शन, सूबेदारगंज एवं प्रयागराज छिवकी स्टेशनों के प्रगति कार्यों की समीक्षा की गई। सूबेदारगंज एवं प्रयागराज छिवकी स्टेशनों पर बढ़ते यात्री आवागमन को दृष्टिगत रखते हुए अतिरिक्त सुविधाओं के सृजन,बेहतर कनेक्टिविटी तथा मल्टी-मॉडल इंटीग्रेशन पर भी विशेष रूप से मंथन किया गया। रक्षा विभाग से संबंधित भूमि एवं संरचनाओं से जुड़े मुद्दों पर शीघ्र समाधान निकालने पर सहमति बनी। सिविल प्रशासन के अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था, सड़क चौड़ीकरण, सर्कुलेटिंग एरिया के विकास तथा शहर के विभिन्न हिस्सों से स्टेशनों की बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। वहीं रक्षा विभाग के प्रतिनिधियों ने सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए विकास कार्यों में आवश्यक समन्वय प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। अपने संबोधन में मण्डल रेल प्रबन्धक ने कहा कि प्रयागराज एक प्रमुख तीर्थ,सांस्कृतिक एवं परिवहन केंद्र है,इसलिए स्टेशनों का आधुनिक,सुरक्षित एवं यात्री-अनुकूल विकास अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों से आपसी समन्वय, समयबद्ध निर्णय तथा त्वरित क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया। बैठक के अंत में चिन्हित मुद्दों के समाधान हेतु संयुक्त सर्वेक्षण की कार्ययोजना तैयार की गई,जिसकी समीक्षा आगामी बैठक में की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *