Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक में निवेश मित्र व औद्योगिक विकास पर अहम निर्देश
FATEHPUR NEWS: जिला स्तरीय उद्योग बंधु समिति की बैठक कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में उद्योगों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने निवेश मित्र पोर्टल से संबंधित सभी आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी प्रकरण डिफॉल्टर की श्रेणी में न आए, इस पर अधिकारी विशेष ध्यान दें। बैठक में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी), मुख्यमंत्री युवा विकास योजना की विस्तृत जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि जिन उद्योगों के लिए बैंक ऋण स्वीकृत हो चुके हैं, लेकिन अभी तक वितरण नहीं हुआ है, उनका शीघ्र वितरण सुनिश्चित कराया जाए। साथ ही लंबित आवेदनों का भी समय से निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि जनपद में उद्योग स्थापना हेतु किए गए एमओयू के अंतर्गत औद्योगिक संस्थानों को जिस भी प्रकार की सहायता की आवश्यकता हो, संबंधित अधिकारी अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए नियमानुसार सकारात्मक सहयोग करें। बिंदकी क्षेत्र में विद्युत के स्वतंत्र फीडर के संबंध में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि उद्यमी यह स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं कि वर्तमान में कितनी औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं तथा भविष्य में कितनी इकाइयां स्थापित होने की संभावना है, ताकि शासन स्तर पर स्वतंत्र फीडर हेतु पत्राचार किया जा सके। बैठक में आनंदेश्वर रईस मिल, मलवा एवं अन्य इकाइयों द्वारा विद्युत बिल में टीडीएस एडजस्ट से संबंधित प्रकरण उठाया गया, जिस पर जिला प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए टीडीएस एडजस्ट की प्रक्रिया पूर्ण कराई। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी सदर को निर्देश दिए कि उद्यमी मनोज गांधी की ग्राम अजगांवा में चिन्हित औद्योगिक भूमि पर पत्थरगढ़ी कराई जाए और यदि कोई अवरोध उत्पन्न करता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए कार्य सुनिश्चित कराया जाए। इसके अतिरिक्त अधिशाषी अभियंता विद्युत को निर्देश दिए गए कि यूपीसीडा के अधीन औद्योगिक क्षेत्र मलवा में जर्जर विद्युत पोल व तारों की शिफ्टिंग का कार्य टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए शीघ्र कराया जाए। उपायुक्त उद्योग को निर्देशित किया गया कि विकसित राजकीय औद्योगिक स्थानों में भूखंड आवंटन के संबंध में उद्यमियों के साथ कार्यशाला आयोजित कर उन्हें पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। इस बैठक में औद्योगिक इकाइयों से प्राप्त शिकायतों व सुझावों का प्राथमिकता के आधार पर नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारी, सीएफओ, उपायुक्त उद्योग, जिला उद्यान अधिकारी, एलडीएम, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, ईओ सदर, अधिशाषी अभियंता विद्युत, उद्यमीगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।