Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University
FATEHPUR NEWS: जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत एवं नगरीय निकाय) फतेहपुर रविन्द्र सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश, लखनऊ की अधिसूचना (संशोधन) दिनांक 06 जनवरी 2026 के क्रम में जनपद फतेहपुर में त्रिस्तरीय पंचायतों की निर्वाचक नामावली का वृहद पुनरीक्षण संशोधित कार्यक्रम के अनुसार किया जाएगा। इसके तहत पूर्व में जारी सार्वजनिक सूचना दिनांक 18 नवंबर 2025 में आंशिक संशोधन किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण के बाद हस्तलिखित पाण्डुलिपियां तैयार कर सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा करने तथा संभावित डुप्लीकेट मतदाताओं के सत्यापन एवं निस्तारण की कार्रवाई 07 जनवरी 2026 से 20 फरवरी 2026 तक की जाएगी। इसके बाद दावे व आपत्तियों के निस्तारण उपरांत पूरक सूचियों की कम्प्यूटरीकरण की तैयारी, उन्हें मूल सूची में समाहित करने तथा आवश्यकता के अनुसार मतदान केंद्रों व स्थलों के निर्धारण की कार्रवाई 21 फरवरी 2026 से 16 मार्च 2026 तक होगी। मतदाता सूचियों की कम्प्यूटरीकरण के बाद मतदान केंद्रों और स्थलों का क्रमांकन, वार्डों की मैपिंग, मतदाता क्रमांकन, एसवीएन आवंटन, मतदाता सूची की डाउनलोडिंग एवं फोटो प्रतियां कराने का कार्य 17 मार्च 2026 से 27 मार्च 2026 तक किया जाएगा। मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 28 मार्च 2026 को किया जाएगा। उन्होंने बताया कि निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में संशोधित पुनरीक्षण कार्यक्रम को संबंधित कार्यालयों के सूचना पट पर प्रदर्शित कराएंगे। साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि पुनरीक्षण कार्य के दौरान पड़ने वाले सार्वजनिक अवकाशों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे और कार्य निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार पूरा कराया जाएगा।