यातायात नियमों के उल्लंघन से सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ी मौतें, जागरूकता ही बचाव का उपाय : फिरोज़ खान

मेरा हेल्मेट, मेरी सुरक्षा विषय पर आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम
FATEHPUR NEWS: यातायात नियमों के उल्लंघन के कारण सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली मौतों के आंकड़ों में भारत आज विश्व में पहले स्थान पर पहुंच चुका है। यह गंभीर चिंता का विषय है और इससे बचाव के लिए जागरूकता सबसे बड़ा उपाय है। यह बातें राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत आयोजित एक जागरूकता कार्यक्रम में सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान ने कहीं। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के अवसर पर पुलिस अधीक्षक फतेहपुर अनुप कुमार सिंह, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण कानपुर के डायरेक्टर पंकज यादव एवं त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के परियोजना संचालक राकेश भारद्वाज के मार्गदर्शन में “मेरा हेल्मेट, मेरी सुरक्षा” विषय पर हंस ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल, फतेहपुर में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में स्कूल के छात्र-छात्राओं एवं स्कूल बस चालकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। पम्पलेट्स के माध्यम से प्रतिभागियों को असुरक्षित सड़क व्यवहारों जैसे बिना हेल्मेट वाहन चलाना, सीटबेल्ट का प्रयोग न करना, गलत दिशा में वाहन चलाना, नशे की हालत में ड्राइविंग, रेड लाइट जंप करना तथा ओवरस्पीडिंग के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सीएसआर मैनेजर फिरोज़ खान ने बताया कि इन जोखिमपूर्ण आदतों के कारण सड़क दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं, जिनसे थोड़ी सी सावधानी और नियमों के पालन से बचा जा सकता है। उन्होंने दुर्घटनाओं से बचाव के उपायों पर भी प्रकाश डाला और सभी को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई। इस अवसर पर त्रिवेणी संगम हाइवे प्राइवेट लिमिटेड के अतुल शुक्ला, शुभम सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी से यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *