सघन अभियान में बाल श्रमिकों का रेस्क्यू, सेवायोजकों को नोटिस

SIDHARTHNAGAR NEWS: जिले में बाल श्रम उन्मूलन को लेकर शुक्रवार को प्रशासन ने सघन अभियान चलाया। श्रम विभाग, जिला टास्क फोर्स, एएचटी पुलिस, बाल संरक्षण इकाई, चाइल्ड लाइन और सामाजिक संगठनों की संयुक्त टीम ने नौगढ़ और उसका बाजार क्षेत्र में छापेमारी कर बाल श्रमिकों को रेस्क्यू किया।अभियान के दौरान पकड़ी और उसका बाजार स्थित एचआर मार्का ईंट भट्ठों तथा नौगढ़ क्षेत्र के होटलों का निरीक्षण किया गया। इसी क्रम में नौगढ़ रेलवे क्रासिंग के पास स्थित ओम छोले-भटूरे की दुकान पर तीन नाबालिग बच्चे काम करते पाए गए। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। रेस्क्यू किए गए बच्चों से पूछताछ में सामने आया कि उनसे कम मजदूरी पर लंबे समय तक और असुरक्षित परिस्थितियों में काम कराया जा रहा था, जो बाल श्रम निषेध एवं विनियमन अधिनियम का उल्लंघन है। कार्रवाई के दौरान बाल श्रमिकों से काम कराने वाले सेवायोजकों को नोटिस जारी किया गया। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान संचालकों को भविष्य में किसी भी परिस्थिति में बाल श्रम न कराने के निर्देश दिए गए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई, जुर्माना और अभियोजन की चेतावनी भी दी गई। श्रम प्रवर्तन अधिकारी उज्ज्वल त्रिपाठी ने बताया कि जिले में बाल श्रम के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि कहीं भी बाल श्रम होता दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें। अभियान में एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार श्रीवास्तव, बाल संरक्षण अधिकारी विवेक मालवीय, चाइल्ड लाइन कोऑर्डिनेटर सुनील उपाध्याय, आरक्षी आशुतोष सिंह, आउटरीच कार्यकर्ता अविनाश सिंह, एचईडब्ल्यू सविता वर्मा, डीटीएफ सदस्य जय प्रकाश गुप्ता, नीति आयोग से अभिनव द्विवेदी और पिरामल फाउंडेशन से योगेंद्र मोहन शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *