रमवापुर दूबे में बदहाली से बदलाव तक: सचिव रजनीश यादव और प्रधान शाहिद की जोड़ी ने बदली गांव की तस्वीर

SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खण्ड मिठवल की ग्राम पंचायत रमवापुर दूबे, जो वर्षों से आपसी खींचतान और गवई राजनीति के कारण विकास के लिए तरस रही थी, आज सचिव रजनीश यादव और ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शाहिद की कार्यकुशलता से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रही है। लंबे समय तक इस गांव में सड़क, नाली और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव था, जिससे ग्रामीणों का जीवन दूभर हो चुका था। विशेषकर बरसात के मौसम में पूरा गांव कीचड़ और गंदगी की चपेट में रहता था। लेकिन सचिव रजनीश यादव की तैनाती के बाद स्थितियां तेजी से बदलीं। उन्होंने प्रशासनिक दक्षता का परिचय देते हुए न केवल वर्षों से लंबित विवादों को समाप्त कराया, बल्कि प्रधान प्रतिनिधि शाहिद के साथ मिलकर विकास की ऐसी कार्ययोजना तैयार की, जिसने गांव को नारकीय जीवन से मुक्ति दिला दी। सचिव रजनीश यादव और प्रधान प्रतिनिधि शाहिद की टीम भावना का ही परिणाम है कि आज गांव के जर्जर रास्ते सुगम सड़कों में तब्दील हो चुके हैं और व्यवस्थित नालियों के निर्माण से गंदे पानी की निकासी की समस्या स्थाई रूप से हल हो गई है। सचिव रजनीश यादव की बिना किसी पक्षपात के काम करने की शैली और प्रधान प्रतिनिधि शाहिद के जमीनी सहयोग ने गांव में समन्वय का एक ऐसा वातावरण तैयार किया है, जिसकी सराहना अब हर कोई कर रहा है। स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, अब सभी को सुगम रास्तों की सुविधा मिल रही है। जानकारों का कहना है कि इस जोड़ी ने यह साबित कर दिया है कि यदि ईमानदारी और सकारात्मक सोच के साथ काम किया जाए, तो सबसे पिछड़ी ग्राम पंचायत की भी सूरत बदली जा सकती है। आज रमवापुर दूबे विकास का एक आदर्श मॉडल बनकर उभर रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *