Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं के त्वरित और प्रभावी निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के द्वितीय एवं चतुर्थ शनिवार को आयोजित होने वाले ‘सम्पूर्ण थाना समाधान दिवस’ का आयोजन आज जनपद में किया गया। इसी क्रम में शनिवार को थाना उसका बाजार में जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन की गरिमामयी उपस्थिति में समाधान दिवस का कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर जिले के आला अधिकारियों ने थाना परिसर में आए फरियादियों की शिकायतों को अत्यंत गंभीरतापूर्वक सुना और उनके गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हेतु संबंधित विभाग के अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए। समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने समस्त राजस्व निरीक्षकों और लेखपालों को स्पष्ट निर्देश दिए कि भूमि विवाद, वरासत, आपसी बंटवारा और अवैध कब्जे से जुड़े प्रकरणों का निस्तारण मौके पर जाकर निष्पक्ष ढंग से किया जाए। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी फरियादी को अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए और चकमार्ग या नाली जैसे विवादों को शिकायतकर्ता की उपस्थिति में ही सुलझाया जाए। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि यदि निस्तारण के दौरान कानून-व्यवस्था की स्थिति उत्पन्न होने की संभावना हो, तो पुलिस बल को साथ लेकर मौके पर जाएं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी प्रकरण को बेवजह लंबित न रखा जाए। साथ ही, उन्होंने आम जनमानस से आपस में मिल-जुलकर रहने और शांति बनाए रखने की अपील भी की। इस दौरान थानाध्यक्ष उसका बाजार सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।