Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JHANSI NEWS: कांग्रेस पार्टी ने मनरेगा योजना में किए गए बदलावों के विरोध में 11 जनवरी से 25 फरवरी 2026 तक राष्ट्रव्यापी अभियान “मनरेगा बचाओ संग्राम” चलाने की घोषणा की है। इस अभियान के तहत झांसी में भी व्यापक जनआंदोलन किया जाएगा। शनिवार को लक्ष्मी गार्डन में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने कहा कि यूपीए सरकार द्वारा शुरू की गई मनरेगा योजना ग्रामीण मजदूरों के लिए जीवनरेखा साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार ने योजना का स्वरूप बदलकर इसे कमजोर कर दिया है। कोविड-19 महामारी के दौरान मनरेगा ने लगभग 4.5 करोड़ परिवारों को रोजगार दिया था। अब तक इस योजना के तहत 180 करोड़ से अधिक कार्यदिवस सृजित हुए हैं और लगभग 10 करोड़ परिसंपत्तियों का निर्माण हुआ है। अभियान के जिला कोऑर्डिनेटर कुं. मुकुट सिंह ने कहा कि मोदी सरकार काम के अधिकार को छीन रही है। ग्राम पंचायतों की भूमिका को खत्म कर ठेकेदारों के माध्यम से काम तय किया जा रहा है, जिससे मजदूरों का शोषण बढ़ेगा। उन्होंने मांग की कि न्यूनतम मजदूरी 400 रुपये प्रतिदिन सुनिश्चित की जाए और मनरेगा में किए गए सभी बदलाव तत्काल वापस लिए जाएं।
जिलाध्यक्ष देशराज रिछारिया ने बताया कि अभियान की शुरुआत 11 जनवरी को गांधी उद्यान, कचहरी चौराहा पर एक दिवसीय उपवास से होगी। इसके बाद पंचायत स्तर पर चौपाल, नुक्कड़ सभाएं, जनसंपर्क अभियान, पत्र वितरण और धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे। 30 जनवरी को महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर वार्ड स्तरीय शांतिपूर्ण धरना, 31 जनवरी से 6 फरवरी तक जिला स्तरीय धरना तथा आगे राज्य व आंचलिक स्तर पर रैलियां आयोजित की जाएंगी। प्रेस वार्ता में राहुल रिछारिया, योगेन्द्र सिंह परीक्षा, अरविंद बब्लू, अखिलेश गुरुदेव, पंकज मिश्रा नोटा, गिरिजा शंकर राय सहित कई कांग्रेस नेता उपस्थित रहे। अंत में जिला मीडिया प्रभारी अमीर चंद आर्य ने आभार व्यक्त किया।