संदिग्ध अवस्था में महिला सड़क किनारे बेहोश मिली, सूचना पर पहुंची पुलिस

सीएचसी बिंदकी में इलाज के लिए कराया गया भर्ती
FATEHPUR NEWS: बिंदकी कस्बे के महरहा रोड बाईपास चौराहे के पास रविवार दोपहर संदिग्ध परिस्थितियों में एक महिला सड़क किनारे बेहोश अवस्था में पड़ी मिली। महिला को देख राहगीरों में हड़कंप मच गया और मौके पर भीड़ एकत्र हो गई। लोगों की सूचना पर 112 नंबर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। प्राथमिक उपचार के बाद महिला की हालत में कुछ सुधार हुआ, तब उसने अपना नाम सुधा देवी (उम्र लगभग 40 वर्ष) पत्नी रामगोपाल बताया। महिला ने बताया कि वह फतेहपुर जनपद के बकेवर थाना क्षेत्र अंतर्गत हरदासपुर गांव की निवासी है। इस संबंध में महिला की सास ने बताया कि उनका पुत्र रामगोपाल और बहू सुधा देवी अलग मकान में रहते हैं। दोनों रविवार सुबह घर से निकले थे, लेकिन बहू बिंदकी के महरहा रोड बाईपास चौराहे तक कैसे पहुंची, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। वहीं मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि एक ओमनी वाहन वहां आया था, जिसमें सवार कुछ लोगों ने महिला को उतारकर सड़क किनारे लिटाया और वाहन लेकर मौके से चले गए। इस सूचना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि वाहन और उसमें सवार लोगों की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल महिला का उपचार जारी है और उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *