भाकियू टिकैत गुट की बैठक में राष्ट्रीय संगठन मंत्री ने उठाई किसानों की समस्याएं

17 जनवरी को प्रयागराज चिंतन शिविर में अधिक से अधिक पहुंचने का आह्वान
FATEHPUR NEWS: भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) की एक बैठक में राष्ट्रीय संगठन मंत्री राजेंद्र सिंह ने किसानों की समस्याओं को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो किसान यूनियन सड़कों पर उतरकर संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने आगामी 17 जनवरी को प्रयागराज में आयोजित चिंतन शिविर में जनपद से अधिक से अधिक पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के शामिल होने की अपील की।
यह बैठक रविवार को बिंदकी कस्बे के मोहल्ला लंका रोड स्थित भाकियू टिकैत गुट के कार्यालय परिसर में आयोजित की गई, जिसमें राजेंद्र सिंह मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सभी पदाधिकारी अभी से तैयारी शुरू करें और एक-दूसरे से संपर्क कर चिंतन शिविर को सफल बनाएं। बैठक में किसानों से जुड़ी कई प्रमुख समस्याओं पर चर्चा की गई। कहा गया कि वर्तमान समय में पालतू पशुओं में मुंहपका-खुरपका रोग तेजी से फैल रहा है, जिसका इलाज पशु चिकित्सा विभाग द्वारा तत्काल शुरू कराया जाना चाहिए। इसके अलावा हरबंदी और बंटवारे से जुड़े लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण की मांग उठाई गई। बैठक में आरोप लगाया गया कि फर्जी किसानों और फर्जी खतौनी के आधार पर धान खरीद की जा रही है, जिसमें केंद्र प्रभारी की मिलीभगत बताई गई। इस मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई। इसके साथ ही खजुहा चौराहा से फाटक बाजार तक बनाए गए मानकविहीन सीसी मार्ग की जांच कर सड़क को पुनः बनवाने, दरबेसाबाद गांव से घरही खेड़ा तक जर्जर मार्ग के निर्माण तथा फाटक बाजार में टूटे बिजली के पोल को बदलवाने की मांग भी रखी गई। बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक उत्तम, प्रदेश सचिव रामसहाय पटेल, जिला अध्यक्ष नवल सिंह पटेल, जिला प्रवक्ता दिनेश शुक्ला, जिला कोषाध्यक्ष सुरेंद्र पटेल, जिला सचिव अजीत उत्तम, तहसील अध्यक्ष कप्तान सिंह यादव, तहसील महासचिव अनूप शैनी, ब्लॉक अध्यक्ष देवमई अतर सिंह, बिंदकी नगर अध्यक्ष चंद्र गोविंद द्विवेदी सहित राजेश सिंह राजू, बाबूलाल, ओम प्रकाश पटेल, किशन समेत बड़ी संख्या में किसान व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *