जनपद के सभी थानों की एण्टीरोमियो टीमों ने चलाया जागरूकता अभियान

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति फेज–5.0 अभियान के तहत रविवार को जनपद फतेहपुर में व्यापक स्तर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। यह अभियान पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह के निर्देशन में जनपद के समस्त थानों पर गठित मिशन शक्ति टीमों व एण्टीरोमियो टीमों द्वारा चलाया गया। अभियान के तहत प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, स्कूलों, कॉलेजों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और बालिकाओं को शासन व पुलिस विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इसके साथ ही महिलाओं की सहायता हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी गई। टीमों द्वारा वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (इमरजेंसी कॉल व मोबाइल पैनिक बटन का डेमो), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा हेल्पलाइन 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 के बारे में जागरूक किया गया और पंपलेट वितरित किए गए। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच इन हेल्पलाइन नंबरों का प्रयोग करें तथा अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। अभियान का उद्देश्य महिलाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें सरकारी सहायता योजनाओं से जोड़ना बताया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *