Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सर्व फॉर ह्यूमैनिटी की बैठक में चार शिविरों की तिथियां तय
FATEHPUR NEWS: जिले में रक्त की कमी को देखते हुए संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन की एक बैठक आयोजित की गई, जिसमें निर्णय लिया गया कि जिला चिकित्सालय स्थित रक्तकेंद्र के माध्यम से लगातार रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। बैठक में सभी संबंधित लोगों से विचार-विमर्श कर आगामी रक्तदान शिविरों की तिथियां भी निर्धारित की गईं। बैठक में तय किया गया कि पहला रक्तदान शिविर 13 जनवरी को जिला चिकित्सालय रक्तकेंद्र में आयोजित किया जाएगा। यह शिविर भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष आशीष तिवारी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी द्वारा लगाया जाएगा। दूसरा रक्तदान शिविर 23 जनवरी को स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के अवसर पर आयोजित होगा। यह शिविर माननीय पूर्व विधायक विक्रम सिंह के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय रक्तकेंद्र के माध्यम से लोक विहार कॉलोनी में संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन एवं जनशक्ति वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में लगाया जाएगा। तीसरा रक्तदान शिविर 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय रक्तकेंद्र में सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन द्वारा आयोजित किया जाएगा। वहीं चौथा रक्तदान शिविर 29 जनवरी को सिख धर्म के अमर शहीद बाबा दीप सिंह के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में जिला चिकित्सालय रक्तकेंद्र में लगाया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि आगे भी संस्था सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन इसी प्रकार नियमित रूप से रक्तदान शिविर आयोजित करती रहेगी, जिसमें संस्था के सदस्य बढ़-चढ़कर सहयोग करेंगे। बैठक में प्रमुख रूप से शुभेंद्र सिंह, शिवांशु शुक्ला, दीपक सिंह, रूप सिंह, आकाश, मयंक भारद्वाज सहित अन्य संस्था पदाधिकारी व सदस्य उपस्थित रहे।