पत्रकार को पत्नी शोक, लंबी बीमारी के बाद निधन

नगर पंचायत कोराव के वर्तमान व पूर्व अध्यक्ष ने शोक संतप्त परिवार को दी सांत्वना
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव बाजार निवासी हिंदी दैनिक पत्रकार वीरेंद्र कुमार सोनी की पत्नी मीरा सोनी का रविवार सुबह 5 बजे निधन हो गया। वे लंबे समय से बीमार थीं। उनके निधन से परिवार में शोक का माहौल है। मीरा सोनी का दिल्ली, लखनऊ के पीजीआई सहित कई बड़े अस्पतालों में इलाज चल रहा था। बताया गया कि उनके स्वास्थ्य में सुधार भी हुआ था, लेकिन शनिवार देर रात अचानक उनकी तबीयत फिर बिगड़ गई। उन्हें कार से इलाज के लिए ले जाया जा रहा था, तभी रविवार सुबह करीब 5 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। मीरा सोनी के इकलौते पुत्र सौरभ सोनी भी पत्रकार हैं। मां के निधन से सौरभ सोनी गहरे सदमे में हैं। मीरा सोनी कोरांव बाजार में लंबे समय से ब्यूटी पार्लर चलाती थीं और इस क्षेत्र में उनका काफी नाम था। उनकी तीन विवाहित बेटियां भी ब्यूटी पार्लर के काम में निपुण हैं।
मीरा सोनी के निधन पर नगर पंचायत कोरांव के वर्तमान अध्यक्ष ओमप्रकाश केसरी और पूर्व अध्यक्ष नरसिंह कुमार केसरी उर्फ गोपाल जी ने उनके आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। रविवार दोपहर करीब 1 बजे मीरा सोनी के पार्थिव शरीर को नगर पंचायत कोरांव के सरकारी वाहन से क्षेत्र के सिरसा गंगा घाट ले जाया गया, जहां उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान क्षेत्र के कई जनप्रतिनिधि और विभिन्न पार्टियों के नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *