जमीन बिक्री के नाम पर किसान से धोखाधड़ी, खाते से रुपये निकालकर बंधक बनाने का आरोप

FATEHPUR NEWS: जिले में जमीन बिक्री के नाम पर एक गरीब मजदूर किसान से धोखाधड़ी का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़ित किसान का आरोप है कि साजिश के तहत उसकी जमीन हड़प ली गई, बैंक खाते से अवैध रूप से रुपये निकाल लिए गए और बाद में उसे बंधक बनाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। असोथर थाना क्षेत्र के ग्राम रिठवां निवासी राजू पुत्र जगदेव ने बताया कि गांव के ही रामसुमेर पुत्र जगरूप कैथल तथा उसके साले सुनील कुमार पुत्र रामगुलाम ने धोखे से उसकी जमीन का बैनामा करा लिया। पीड़ित के अनुसार, घर की मरम्मत के लिए पैसों की जरूरत होने पर उसने अपने खेत गाटा संख्या 918 में से मात्र दो बिस्वा जमीन बेचने की बात कही थी, लेकिन 30 अक्टूबर 2025 को आरोपियों ने छलपूर्वक दो बिस्वा के स्थान पर एक बीघा जमीन का बैनामा सुनील कुमार के नाम करा लिया। राजू का आरोप है कि आरोपियों ने उसे आवास विकास स्थित एक मकान में रोककर जबरन हस्ताक्षर करना सिखाया तथा एक्सिस बैंक में खाता खुलवाकर उसकी पासबुक, एटीएम कार्ड और चेकबुक अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद एटीएम के माध्यम से कई बार में करीब 1 लाख 20 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने खाते में दर्शाई गई कुछ नकद जमा धनराशि को भी फर्जी बताया है। पीड़ित का यह भी आरोप है कि 26 दिसंबर 2025 को आरोपियों ने उसे बंधक बनाकर हाथ-पांव बांध दिए और उसके साथ मारपीट की। परिजनों द्वारा 112 नंबर पर सूचना दिए जाने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मुक्त कराया, जबकि आरोपी फरार हो गए। राजू ने बताया कि उसने इस संबंध में थाना कोतवाली में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर उसने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *