बाबा साहब के अपमान पर अब आर-पार की लड़ाई होगी: तनवीरुल हसन

KAUSHAMBI NEWS: आजाद समाज पार्टी कांशीराम के जिलाध्यक्ष तनवीरुल हसन ने डॉ. भीमराव अंबेडकर के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक और घृणित टिप्पणी को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब केवल एक नाम नहीं, बल्कि करोड़ों शोषित-वंचित समाज की आत्मा और सम्मान हैं। उनके अपमान को अब किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। तनवीरुल हसन ने कड़े शब्दों में कहा,जो लोग बाबा साहब के खिलाफ ज़हर उगल रहे हैं, वे न संविधान को समझते हैं और न ही देश की एकता को। ऐसे मानसिक रूप से दिवालिया लोग समाज में नफरत फैलाकर अमन-चैन बिगाड़ना चाहते हैं। आजाद समाज पार्टी ऐसे लोगों को चेतावनी देती है या तो आपत्तिजनक पोस्ट तत्काल हटाई जाए, या फिर सड़क से सदन तक जोरदार जवाब दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को सीधी चेतावनी देते हुए कहा कि 72 घंटे के भीतर अगर दोषियों पर एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी नहीं हुई, तो भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी पूरे जिले में ऐसा आंदोलन करेंगी, जिसकी गूंज लखनऊ तक सुनाई देगी। इसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन और पुलिस की होगी। तनवीरुल हसन ने कहा बाबा साहब ने हमें संविधान दिया, बराबरी का अधिकार दिया और सिर उठाकर जीने का हौसला दिया। जो लोग बाबा साहब का अपमान कर रहे हैं, वे दरअसल संविधान और लोकतंत्र का अपमान कर रहे हैं। ऐसे लोगों को कानून के कठघरे में खड़ा करना ही होगा।उन्होंने स्पष्ट किया कि आजाद समाज पार्टी डरने वाली नहीं है।अगर प्रशासन चुप रहा तो हम भी चुप नहीं बैठेंगे। बाबा साहब के सम्मान की रक्षा के लिए हर कुर्बानी देने को तैयार हैं। अब यह लड़ाई सम्मान की है, अस्तित्व की है और न्याय की है।अंत में जिला अध्यक्ष तनवीरुल हसन ने चेतावनी दी कि बाबा साहब के अपमान के खिलाफ संघर्ष तब तक जारी रहेगा, जब तक दोषियों को सख्त से सख्त सजा नहीं मिल जाती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *