Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

JAUNPUR NEWS: उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का क्षेत्रीय सम्मेलन सोमवार को टीडी पीजी कॉलेज के महा राणा प्रताप व्यायाम शाला में आयोजित हुआ। सम्मेलन में 10 से अधिक जनपदों के शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। बतौर मुख्य अतिथि प्रांतीय महामंत्री अनिरुद्ध त्रिपाठी ने मां सरस्वती एवं महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। प्रदेश महामंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ का गौरवशाली एवं संघर्ष पूर्ण इतिहास रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन ने शिक्षकों एवं कर्मचारियों के उत्थान के लिए हमेशा उल्लेखनीय योगदान दिया है। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शिक्षक संघ पहला संगठन है जो शिक्षकों एवं सरकारी कर्मचारी सहित वित्तविहीन शिक्षकों के हित का मुद्दा अत्यंत मजबूती से उठता है। महामंत्री ने विशाल संख्या में जौनपुर में शिक्षकों को आगे आने वाले चुनौतियों के विषय में बताया। उन्होंने संगठन के कार्यकर्ताओं से अपील किया कि इस विधान परिषद क्षेत्र से अपने प्रत्याशी को जिताने के लिए कमर कसें। सम्मेलन वाराणसी परिक्षेत्र के नेतृत्व में आगे के संघर्ष का सबसे महत्वपूर्ण स्थल बनेगा। यह क्षेत्र 2008 से ही संगठन का मार्गदर्शन कर रहा है। प्रदेश उपाध्यक्ष नरसिंह बहादुर सिंह ने कहा कि संगठन की बहु प्रतीक्षित मांग कैश लेस चिकित्सा सुविधा की रही है। इसके लिए प्रदेश अध्यक्ष चेतनारायण सिंह और संगठन के पदाधिकारियों ने अथक प्रयास किया जिसे मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश में लागू किया। इसमें प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च शिक्षा, आंगनवाड़ी शिक्षक, वित्तविहीन शिक्षक यहां तक कि रसोइया को भी कैशलेस चिकित्सा सुविधा प्रधान की गई। इसके लिए सीएम योगी ने जल्द ही शासनादेश लागू करने का आश्वासन दिया है। प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि संगठन का अगला कदम वित्तविहीन शिक्षकों को मानदेय दिलाना है जिसे दिलाकर ही संगठन चैन की सांस लेगा। संगठन के अथक प्रयास से ही सदस्य शिक्षक भी विनियमित हुए। मंडल अध्यक्ष सुधाकर सिंह ने आगंतुकों का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया। संचालन जिलाध्यक्ष एवं कार्यक्रम संयोजक प्रमोद कुमार सिंह ने किया। मौके पर प्रांतीय मंत्री अजय प्रकाश सिंह, मंडल मंत्री सत्येंद्र प्रताप सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, पूर्व विधायक सुरेन्द्र प्रताप सिंह, जिला मीडिया प्रभारी विजय सिंह यादव, डॉ.रमेश चंद सिंह, संतसेवक सिंह, जेपी राय, वीरेंद्र प्रताप सिंह, डॉ जंगबहादुर सिंह, अशोक श्रीवास्तव, दिनेश चक्रवर्ती, प्रधानाचार्य शैलेन्द्र सिंह, अजय सिंह आदि शिक्षक उपस्थित रहे।