पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करना समय की आवश्यकता, कलराज मिश्र ने जताई पूर्ण समर्थन

LUCKNOW NEWS: पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और पत्रकार सुरक्षा कानून लागू कराने की मांग को लेकर जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया (JCI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डाॅ. अनुराग सक्सेना ने हिमाचल प्रदेश एवं राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र से भेंट कर पत्रकारों की समस्याओं पर विस्तृत एवं सार्थक चर्चा की।
बैठक में देश के विभिन्न हिस्सों में पत्रकारों के सामने उत्पन्न चुनौतियों, बढ़ती असुरक्षा, हमलों और फर्जी मुकदमों जैसे गंभीर मुद्दों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। डाॅ. अनुराग सक्सेना ने पत्रकार सुरक्षा कानून की तत्काल आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत बनाने के लिए पत्रकारों को कानूनी संरक्षण देना अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए लगातार उत्पीड़न, धमकियों और हिंसा का सामना कर रहे हैं, जिससे निष्पक्ष पत्रकारिता प्रभावित हो रही है। पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र ने पत्रकारों की भूमिका को लोकतंत्र की आधारशिला बताते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और समाज दोनों की जिम्मेदारी है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जर्नलिस्ट काउंसिल ऑफ़ इंडिया द्वारा उठाए गए इस मुद्दे को वे केंद्रीय नेतृत्व के सामने मजबूती से रखेंगे। उन्होंने कहा कि पत्रकार सुरक्षा कानून समय की आवश्यकता है और इसे लागू कराने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने संगठन के प्रयासों की सराहना की और उम्मीद जताई कि पत्रकारों के हित में सकारात्मक निर्णय शीघ्र लिए जाएंगे। बैठक को पत्रकार हितों की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है और इससे पत्रकार सुरक्षा कानून को लागू कराने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की उम्मीद बढ़ी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *