एनएसयूआई कार्यकर्ताओं पर पुलिसिया कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

SIDHARTHNAGAR NEWS: वाराणसी में एनएसयूआई के शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के साथ पुलिस द्वारा किए गए कथित अमानवीय व्यवहार, उन्हें लॉकअप में बंद किए जाने तथा आंदोलनकारियों के परिजनों—महिलाओं और बच्चों—को परेशान किए जाने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह अन्नू के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में वाराणसी की घटना की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कानूनी व विभागीय कार्रवाई करने तथा आंदोलनकारियों व उनके परिवारों को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की गई। इस मौके पर जिला उपाध्यक्ष अनिल सिंह अन्नू, सुदामा प्रसाद, रियाजउद्दीन राईनी एवं अकरम अली ने कहा कि शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक आंदोलन को दबाने के लिए अपनाया गया पुलिस का दमनकारी रवैया अत्यंत निंदनीय है। कांग्रेस पार्टी अन्याय और अत्याचार के खिलाफ हमेशा संघर्ष करती रही है और वाराणसी की घटना लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा प्रहार है। वहीं जिला सचिव ओमप्रकाश दूबे, ब्लाक अध्यक्ष डा. प्रमोद कुमार, होरी लाल श्रीवास्तव एवं शौकत अली ने कहा कि एनएसयूआई के नौजवानों पर किया गया पुलिसिया अत्याचार किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि दोषियों के खिलाफ शीघ्र कठोर कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशव्यापी आंदोलन के लिए बाध्य होगी। जिला कांग्रेस कमेटी सिद्धार्थनगर ने विश्वास व्यक्त किया कि महामहिम राज्यपाल इस गंभीर मामले का संज्ञान लेते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए त्वरित एवं प्रभावी कदम उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *