Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार रविकांत मिश्रा ने सोलर योजनाओं पर लिया किसानों से फीडबैक’
JAUNPUR NEWS: प्रदेश के मुख्यमंत्री के आर्थिक सलाहकार समूह के सदस्य एवं ऊर्जा विशेषज्ञ रविकांत मिश्रा ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के सोलर पंप लाभार्थियों, सोलर पंप प्रदाता वेंडरों, विद्युत विभाग तथा यूपी नेडा के अधिकारियों के साथ सोलर पंप के विस्तार और सोलर रूफ टॉप योजनाओं को लेकर संवाद किया। बैठक में मिश्रा ने प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत किसानों के यहां स्थापित सोलर पंपों से हो रहे लाभों की विस्तार से जानकारी ली। इसके साथ ही प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत सोलर रूफ टॉप के लाभार्थियों से फीडबैक भी प्राप्त किया।
संवाद के दौरान किसानों के बीच सोलर पंपों की घटती मांग को लेकर जानकारी मांगी गई। इस पर उप कृषि निदेशक ने बताया कि वर्तमान में सिंचाई के लिए मुफ्त विद्युत आपूर्ति, विद्युत चालित पंपों की तुलना में सोलर पंप से कम पानी का डिस्चार्ज, तथा छतों पर सोलर पंप न लगाए जाने जैसी समस्याएं प्रमुख कारण हैं।
बिजली बिल में आई भारी कमी, मेंटेनेंस भी नहीं
बैठक में उपस्थित पीएम सूर्य घर योजना के लाभार्थियों ने बताया कि सोलर रूफ टॉप लगने से उनके बिजली बिल में उल्लेखनीय कमी आई है। सूर्य की रोशनी से बिजली उत्पादन हो रहा है और किसी प्रकार का मेंटेनेंस खर्च भी नहीं है, जिससे उन्हें सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे उप परियोजना निदेशक आत्मा डॉ०रमेश चंद्र यादव ने बताया कि पीएम कुसुम योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर पंपों से जनपद के सिंचित क्षेत्र में लगभग एक प्रतिशत की वृद्धि हुई है। सोलर पंपों के बेहतर उपयोग से फसल उत्पादन बढ़ेगा, किसानों की आय में वृद्धि होगी और दलहनी फसलों की खेती से मृदा उर्वरता भी बेहतर होगी। मरम्मत की जिम्मेदारी तय हो तो बढ़ेगा किसानों का भरोसा बैठक के दौरान किसानों ने सुझाव दिया कि यदि सोलर पंपों की मरम्मत और रखरखाव की स्पष्ट जिम्मेदारी तय की जाए, तो किसानों की इसमें रुचि और अधिक बढ़ेगी तथा कृषि का सतत विकास संभव हो सकेगा। इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, उप कृषि निदेशक डॉ. वी.बी. द्विवेदी, परियोजना प्रभारी नेडा, जिला कृषि अधिकारी, अधिशासी अभियंता विद्युत, पीएम कुसुम एवं पीएम सूर्य घर योजना के वेंडर तथा लाभार्थी किसान उपस्थित रहे। बैठक के उपरांत मिश्रा ने बक्सा क्षेत्र के बबुरा गांव निवासी किसान राम यश यादव के यहां पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत स्थापित सोलर रूफ टॉप तथा पीएम कुसुम योजना के तहत लगे सोलर सिंचाई पंप का स्थलीय सत्यापन कर किसानों से प्रत्यक्ष फीडबैक भी लिया।