Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: मझगईं रेंज के बौधियाकलां गांव में गुरुवार प्रातः उस वक्त दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जब खेत की रखवाली कर रहे एक किसान पर तेंदुए ने अचानक हमला कर दिया। किसान ने साहस का परिचय देते हुए हाथ में पकड़ी पानी की बोतल उसके खुले मुंह में ठूंस दी, तब तेंदुए की पकड़ ढीली पड़ गई और वह किसान को छोड़कर भाग गया। इस दौरान किसान तेंदुए से करीब दो मिनट तक भिड़ता रहा। गांव निवासी अशोक जायसवाल रोज की तरह अपने खेत में मचान पर बैठकर फसल की रखवाली कर रहे थे। सुबह करीब छह बजे वह नीचे उतरकर शौच के लिए जाने लगे, तभी घात लगाए बैठे तेंदुए ने उन पर अचानक छलांग लगाकर हमला कर दिया। तेंदुए के पंजे अशोक के शरीर पर लगते ही वह लहूलुहान हो गए लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। जैसे ही तेंदुआ दोबारा हमलावर हुआ तो अशोक ने पूरी ताकत से पानी की बोतल उसके मुंह में डाल दी। बोतल फंसते ही तेंदुआ पीछे हटा, तभी अशोक ने शोर मचाना शुरू कर दिया।चीख-पुकार सुनकर पास के खेतों में काम कर रहे जिलेदार और ताज समेत कई लोग लाठी-डंडे लेकर दौड़ पड़े। ग्रामीणों की भारी भीड़ को देखकर तेंदुआ खेत की ओर भाग निकला। आनन-फानन परिजन घायल अशोक को निघासन सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उपचार के बाद उन्हें खतरे से बाहर बताया। रेंजर अंकित सिंह ने बताया कि वन विभाग की टीम मौके पर भेजी गई है और तेंदुए को पकड़ने के लिए जल्द ही पिंजरा लगाया जाएगा। फिलहाल, इस घटना के बाद से गांव के लोग खेतों की ओर जाने में डर रहे हैं और पूरे इलाके में तेंदुए की दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने की मांग की है।