Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

FATEHPUR NEWS: ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के तत्वावधान में जनपद के होनहार ताइक्वांडो खिलाड़ियों को 8वीं इंडिया ओपन इंटरनेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में प्रतिभाग करने के लिए उत्साहपूर्वक रवाना किया गया। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 16 से 18 जनवरी तक उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित होगी। इस अवसर पर ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ फतेहपुर के अध्यक्ष किशन मेहरोत्रा ने चयनित खिलाड़ियों को विजय तिलक लगाकर, पुष्पहार पहनाकर एवं मिष्ठान खिलाकर सम्मानित किया और रेल मार्ग से प्रतियोगिता स्थल के लिए रवाना किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि शारीरिक शक्ति के साथ आत्मिक और मानसिक शक्ति ही विजय का सच्चा वरदान है। जनपदवासियों का स्नेह, आशीर्वाद और शुभकामनाएं सभी खिलाड़ियों के साथ हैं। देहरादून में होने वाली इस ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में फतेहपुर जनपद से खिलाड़ी अंश यादव, मो. अली, मो. जावेद, अनुष्का यादव और रिचा राजपूत प्रतिभाग करेंगे। टीम के साथ कोच राजकुमार भी खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगे। खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देने वालों में अंतरराष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी उत्कर्ष पटेल, राष्ट्रीय ताइक्वांडो खिलाड़ी शिव कुमार, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी आदित्यांश सिंह सहित अन्य खेल प्रेमी एवं अभिभावकगण उपस्थित रहे। सभी ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई। जनपद के खेल प्रेमियों ने आशा व्यक्त की कि फतेहपुर के ताइक्वांडो खिलाड़ी इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन करेंगे।