उत्तर प्रदेश दिवस पर ब्लैक आउट मॉकड्रिल को लेकर कलेक्ट्रेट में हुई तैयारी बैठक

FATEHPUR NEWS: उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अवसर पर 23 जनवरी 2026 को नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के उपलक्ष्य में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा आयोजित किए जाने वाले ब्लैक आउट मॉकड्रिल के सफल आयोजन को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) डॉ. अविनाश त्रिपाठी ने शासन द्वारा जारी ब्लैक आउट मॉकड्रिल से संबंधित शासनादेश के तहत प्रस्तावित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मॉकड्रिल के दौरान विभिन्न विभागों की भूमिका, आपातकालीन स्थितियों में प्रतिक्रिया प्रणाली तथा संसाधनों के समुचित उपयोग पर विशेष ध्यान दिया जाना है। जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह ने कहा कि मॉकड्रिल से जुड़े सभी विभाग अपनी-अपनी कार्ययोजना तैयार कर दायित्वों का स्पष्ट निर्धारण करें। आपसी समन्वय, संसाधनों की उपलब्धता तथा आपात स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना सभी विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी होगी। उन्होंने शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि ब्लैक आउट मॉकड्रिल में आपदा मित्र, स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट, स्काउट एवं गाइड को सक्रिय रूप से प्रतिभाग कराया जाए। साथ ही आमजन को आपातकालीन स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी जानकारी भी दी जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मॉकड्रिल के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां पूर्व में ही पूरी कर ली जाएं तथा जनपद स्तर पर होने वाले ब्लैक आउट मॉकड्रिल की जानकारी समय से जनसामान्य को उपलब्ध कराई जाए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी सदर व खागा, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, तहसीलदार बिंदकी, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *