Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कार्यदाई संस्थाओं को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश
KAUSHAMBI NEWS: जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने उदयन सभागार में शिक्षा विभाग एवं समाज कल्याण विभाग के निर्माणाधीन परियोजनाओं के निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। जिलाधिकारी ने बेसिक शिक्षा विभाग की मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए कार्यदायी संस्था सी.एन.डी.एस. को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में प्रगति सुनिश्चित किया जाय। उन्होंने मुख्यमंत्री अभ्युदय विद्यालय की समीक्षा के दौरान निर्माण कार्य में 60 प्रतिशत ही प्रगति पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अभियंता, यू.पी.सी.एल.डी.एफ. को तेजी से प्रगति लाते हुए समयबद्ध निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने निर्माण कार्य की तकनीकी जॉच कराने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कस्तूरबा गॉधी आवासीय बालिका विद्यालयों में एकेडमिक ब्लॉक एवं छात्रावास के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग ने अवगत कराया कि निर्माण कार्य 15 फरवरी तक पूर्ण करा लिया जाएगा। उन्होंने कस्तूरबा गॉधी आवासीय बालिका विद्यालयों में अतिरिक्त कक्षा-कक्ष के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न पाए जाने पर नाराजगी प्रकट करते हुए अधिशासी अभियंता, यू.पी.सी.एल.डी.एफ. को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही 03 सदस्यीय-अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), वरिष्ठ कोषाधिकारी व अधिशासी अभियंता लो.नि.वि. की टीम गठित कर टीम द्वारा भौतिक सत्यापन कराकर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने राजकीय आश्रम पद्यति विद्यालयों-करारी व भरसवां में ट्रॉजिट हॉस्टल आदि के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने जिला समाज कल्याण अधिकारी को नियमित रूप से निर्माण कार्यों का पर्यवेक्षण करने के भी निर्देश दिए। उन्होने राजकीय महाविद्यालय, मूरतगंज के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा के दौरान कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्ण कराने के निर्देश दिए।