Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: मौलाना आजाद नेशनल उर्दू यूनिवर्सिटी, हैदराबाद में दिनांक 12 और 13 जनवरी 2026 को आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में तौफीक मेमोरियल डिग्री कॉलेज ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अपने उत्कृष्ट कार्यों के आधार पर पूरे देश से चुने गए शीर्ष दस शैक्षणिक संस्थानों में इस कॉलेज ने भी अपना स्थान सुरक्षित किया है। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति और पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित प्रोफ़ेसर सैयद ऐनुल हसन द्वारा कॉलेज को प्रशंसा पत्र, पदक एवं धनराशि प्रदान कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि यह महाविद्यालय वर्तमान में मौलाना आजाद यूनिवर्सिटी के दूरस्थ शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा और प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों का सफलतापूर्वक संचालन कर रहा है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एखलाक हुसैन ने कहा कि मानू उच्च शिक्षा को हर हाथ तक पहुँचाने और विशेष रूप से कामकाजी लोगों को शिक्षा से जोड़ने में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने इस सफलता के लिए डॉ. साजिद गुफरान के विशेष योगदान की सराहना की। इस सफलता पर क्षेत्र के गणमान्य लोगों, जिनमें जामिया मिस्बाहुल उलूम चौकानिया के प्रधानाचार्य मुफ़्ती शरीफ फलाही, रतन सेन स्नातकोत्तर कॉलेज बांसी के विभागाध्यक्ष प्रोफ़ेसर शरीफुद्दीन और प्राचार्य व संस्थान प्रमुख डॉ. जहीर अहमद मलिक शामिल हैं, ने अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। महाविद्यालय की प्रबंधक व विधायक सैयदा खातून ने भी इस उपलब्धि पर हर्ष जताते हुए पूरी टीम को बधाई दी। साथ ही कॉलेज स्टाफ के सदस्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार, इजहार हुसैन, धर्मवीर और सुश्री सायमा आदि ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कॉलेज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।