रवि शुक्ल एवं मौलाना मुस्तफा मदनी सर्व शिक्षा रत्न पुरस्कार से विभूषित, लखनऊ में हुआ भव्य आयोजन

SIDHARTHNAGAR NEWS: सर्व शिक्षा सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित उत्तर प्रदेश टैलेंट ओलंपियाड के अंतर्गत भातखण्डे संस्कृत विश्वविद्यालय, लखनऊ के ऑडिटोरियम हॉल में एक भव्य शैक्षिक सेमिनार एवं पुरस्कार वितरण समारोह संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में शिक्षा, न्याय, प्रशासन और समाजसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाली कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने सहभागिता की। समारोह के मुख्य अतिथि इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश जस्टिस वीरेन्द्र सिंह यादव ने अपने संबोधन में शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है जिससे व्यक्ति, परिवार और समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने विद्यार्थियों का आह्वान किया कि वे जीवन में एक स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर पूर्ण निष्ठा के साथ परिश्रम करें। साथ ही उन्होंने अभिभावकों को परामर्श दिया कि वे अपनी इच्छाएं बच्चों पर थोपने के बजाय उनकी व्यक्तिगत रुचि के अनुरूप ही उनके शैक्षिक भविष्य का मार्ग प्रशस्त करें।
इसी क्रम में जनपद सिद्धार्थनगर के बढ़नी ब्लॉक स्थित पं० बाबूराम शुक्ल विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, तुलसियापुर के प्रधानाचार्य रवि शुक्ल एवं नूर फाउंडेशन लखनऊ के संस्थापक मौलाना मुस्तफा मदनी को शिक्षा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व एवं उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित सर्व शिक्षा रत्न पुरस्कार से नवाजा गया। कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 20 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियों के लिए पुरस्कृत किया गया, साथ ही शिक्षण के क्षेत्र में अनुकरणीय कार्य करने वाले शिक्षकों को सर्व शिक्षा एप्रीसिएशन अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बलरामपुर सांसद राम शिरोमणि वर्मा, सेवानिवृत्त जिला जज बी. नकवी, पूर्व आईपीएस बी.पी. अशोक, संस्था के प्रबंधक शाहिद आलम, मुख्तार अहमद, राम सूरत यादव और अजय यादव सहित भारी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *