उत्तर प्रदेश दिवस-2026 का जनपद जालौन में भव्य आयोजन, 24 से 26 जनवरी तक होंगे विविध कार्यक्रम

विकसित उत्तर प्रदेश –विकसित भारत’ थीम पर सांस्कृतिक, साहित्यिक व विकासपरक आयोजनों के साथ उत्कृष्ट प्रतिभाओं का होगा सम्मान

JALAUN NEWS: जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय व पुलिस अधीक्षक डॉ० दुर्गेश कुमार ने विकास भवन स्थित रानी लक्ष्मीबाई सभागार में उत्तर प्रदेश दिवस–2026 को भव्य रूप से आयोजित किए जाने के संबंध में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि दिनांक 24 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का आयोजन राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई परिसर में किया जाएगा। इस अवसर पर जनपद स्तरीय सांस्कृतिक, साहित्यिक, सामाजिक एवं विकासपरक कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रमों में स्थानीय कलाकारों, कवियों, साहित्यकारों एवं प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहित किया जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के सभी आयोजन ‘विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत’ की थीम पर आधारित हों, जिससे प्रदेश की प्रगति, नवाचार, सामाजिक समरसता एवं सांस्कृतिक चेतना को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि सभी विभाग अपने-अपने स्तर से प्रदर्शनियां, संगोष्ठियां, वीर रस की कविताओं का पाठ, सांस्कृतिक कार्यक्रम, विभिन्न प्रतियोगिताएं एवं पारंपरिक खेलों का आयोजन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश दिवस–2026 के अवसर पर दिनांक 24 से 26 जनवरी के मध्य उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान के विजेताओं, माटी कला बोर्ड के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्यमियों, खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं, चिकित्सकों, प्रगतिशील किसानों एवं वैज्ञानिकों को सम्मानित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि समस्त विभाग शासन द्वारा संचालित जन कल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी लगाकर आम जनमानस को योजनाओं की जानकारी दें तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को उनसे लाभान्वित करें। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी के०के० सिंह, जिला विकास अधिकारी निशान्त पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी राम अयोध्या प्रसाद सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *