Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

MIRZAPUR NEWS: (सुनील कुमार गुप्ता) आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता उत्तर प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में मीरजापुर से वाराणसी तक निकली “रोज़गार दो, सामाजिक न्याय दो” पदयात्रा को शनिवार को मिर्जापुर में व्यापक जनसमर्थन मिला। पदयात्रा के दूसरे दिन शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जगह-जगह संजय सिंह का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद संजय सिंह ने कहा कि देश में 45 करोड़ बेरोज़गार हैं, लेकिन इस गंभीर मुद्दे पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश बेरोज़गारी में पहले स्थान पर है, जबकि सरकार निवेश के नाम पर 45 लाख करोड़ रुपये के दावे कर रही है। यदि यह निवेश वास्तविक होता तो युवाओं को नौकरियां जरूर मिलतीं, लेकिन हकीकत में युवाओं को पेपर लीक, कोर्ट के स्टे और अनिश्चितता ही मिली है। सांसद संजय सिंह ने मांग की कि यदि सरकार 18 वर्ष से ऊपर के युवाओं को रोज़गार देने में असमर्थ है तो उन्हें ₹10,000 प्रतिमाह बेरोज़गारी भत्ता दिया जाए। उन्होंने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में स्कूल बंद हो रहे हैं, अस्पतालों की हालत खराब है और जनता बुनियादी सुविधाओं से वंचित है। उन्होंने कहा कि नफरत की राजनीति से देश नहीं चलेगा, बल्कि संविधान, भाईचारे और सामाजिक न्याय से ही देश आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मोदी-योगी सरकार ने जनता के पैसे की डकैती डाली है। चंद पूंजीपतियों के 16 लाख करोड़ रुपये के कर्ज़ माफ किए गए, 42 कंपनियों के साढ़े तीन लाख करोड़ रुपये माफ कर दिए गए। अगर यही पैसा युवाओं के रोज़गार, स्कूलों और अस्पतालों पर खर्च होता तो न बेरोज़गारी रहती, न शिक्षा-स्वास्थ्य की दुर्दशा।एसआईआर के मुद्दे पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि साढ़े चार करोड़ मतदाताओं के नाम कटना गंभीर मामला है, जिसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने जनता से अपील की कि 7500040004 नंबर पर मिस्ड कॉल देकर इस आंदोलन से जुड़ें। पदयात्रा में प्रदेश अध्यक्ष काशी प्रांत पवन तिवारी, प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील कुमार पांडे एडवोकेट, प्रोफेसर बी सिंह,सत्यम त्रिपाठी, सुशील पांडे,आनंद कुमार सिंह, रमाशंकर साहू, रविंद्र सिंह, चड्ढा नसीम खान, सीमा खान, मीरा देवी पटेल राजकुमार यादव ओम प्रकाश शर्मा, निर्मल सिंह समेत सैकड़ो कार्यकर्ता उपस्थित रहे।