शरारती तत्वों द्वारा मंदिर की दीवार पर पेशाब किए जाने से मामला गरमाया

KARMA/SONBHADRA NEWS: स्थानीय थाना क्षेत्र के बहेरा गांव में रविवार रात मंदिर की दीवार पर पेशाब किए जाने के आरोप को लेकर सोमवार को गांव में तनाव की स्थिति बन गई। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात लगभग 9 बजे बहेरा गांव में अरविंद श्रीवास्तव के घर के सामने स्थित शिव मंदिर की दीवार पर कुछ नाबालिग बच्चों द्वारा पेशाब किए जाने का आरोप है। इस दौरान शशांक श्रीवास्तव द्वारा विरोध किए जाने पर बच्चे कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर सोमवार सुबह अरविंद श्रीवास्तव ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। जैसे-जैसे मामला आसपास के गांवों में फैला, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडीएम नमामि गंगे रोहित यादव, एसडीएम घोरावल, एडिशनल एसपी अनिल कुमार, सीओ घोरावल राहुल पांडेय, सीओ अमित कुमार सहित घोरावल और करमा थाने की पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर शांति बनाए रखने की अपील की। एडिशनल एसपी अनिल कुमार ने बताया कि मामले में तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और स्थिति पूरी तरह शांत है। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने तालाब पर अतिक्रमण का मुद्दा भी अधिकारियों के समक्ष उठाया। इस पर एसडीएम घोरावल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार को टीम गठित कर शीघ्र अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *