गंगा बचाओ सेवा समिति आज वृद्धजनों को कराएगी महामाघ मेला त्रिवेणी संगम स्नान

वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों को दिया गया आमंत्रण पत्र

FATEHPUR NEWS: गंगा बचाओ सेवा समिति द्वारा मवईया स्थित वृद्धाश्रम में रहने वाले वृद्धजनों को 20 जनवरी (मंगलवार) को प्रयागराज स्थित महामाघ मेला त्रिवेणी संगम में स्नान कराने के लिए बस द्वारा ले जाया जाएगा। इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए गंगा बचाओ सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण ‘सिंपल’ समिति के पदाधिकारियों के साथ वृद्धाश्रम पहुंचे और वहां रह रहे बुजुर्गों को आमंत्रण पत्र वितरित किए। साथ ही वृद्धाश्रम की प्रबंधक नीतू वर्मा को भी आमंत्रण पत्र सौंपते हुए बुजुर्गों को माघ मेला ले जाने का आग्रह किया। प्रदेश अध्यक्ष शैलेंद्र शरण सिंपल ने बताया कि 20 जनवरी को बस द्वारा सभी वृद्धजनों को प्रयागराज ले जाया जाएगा, जहां त्रिवेणी संगम में स्नान कराने के बाद उन्हें सकुशल वापस उनके गंतव्य स्थान पर पहुंचाया जाएगा। आमंत्रण पत्र मिलते ही वृद्धजनों के चेहरों पर खुशी देखते ही बन रही थी। वृद्धाश्रम में रहने वाले कई बुजुर्ग भावुक हो उठे और उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि कोई संस्था उनके बारे में भी इस तरह सोचेगी। प्रयागराज जाकर संगम स्नान की बात सुनते ही मानो उनकी वर्षों पुरानी मनोकामना पूरी हो गई हो।
इस अवसर पर समिति के महासचिव विनोद कुमार गुप्ता, कायस्थ महासभा के जिलाध्यक्ष विवेक श्रीवास्तव, वेद प्रकाश गुप्ता, अशोक सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *