Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

फोटो: एसडीएम शोहरतगढ़ विवेकानंद मिश्रा
SIDHARTHNAGAR NEWS: निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदाता सूची को शत-प्रतिशत सटीक और पारदर्शी बनाने के लिए तहसील प्रशासन ने ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (एसआईआर) अभियान को गति दे दी है। एसडीएम शोहरतगढ़ ने विधानसभा क्षेत्र में डेटा विसंगतियों वाले 40,500 मतदाताओं को चिह्नित कर नोटिस जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस वृहद कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए प्रशासन ने 12 अतिरिक्त अधिकारियों की विशेष तैनाती की है। जांच के दौरान यूनिक इन्यूमरेशन फॉर्म (यूईएफ) के तहत ऐसे मामले सामने आए हैं जिनमें तकनीकी सुधार या भौतिक सत्यापन की आवश्यकता है। इसमें मुख्य रूप से दोहरे नाम, फोटो और उम्र में विसंगति, क्षेत्र से बाहर जा चुके या मृतक मतदाताओं के नाम हटाने की प्रक्रिया शामिल है।
एसडीएम कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार विधानसभा के कुल 452 बूथों पर यह अभियान चलाया जाएगा। औसतन प्रत्येक बूथ पर लगभग 90 मतदाताओं का सत्यापन बीएलओ द्वारा किया जाएगा। कार्य की महत्ता को देखते हुए ब्लॉक और तहसील स्तर पर अलग-अलग अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। बढ़नी ब्लॉक में खंड शिक्षा अधिकारी अरुण कुमार, सीडीपीओ रविंद्र कुमार यादव, राणा प्रताप सिंह और उमेश चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है। वहीं शोहरतगढ़ ब्लॉक में बीडीओ चंद्र भूषण त्रिपाठी, संजय कुमार और बब्बू आजाद को तैनात किया गया है। तहसील स्तर पर तहसीलदार प्रकाश सिंह, नायब तहसीलदार महबूब अंसारी, सतीश चंद्र, अमर बहादुर और मालविका जैसल को मॉनिटरिंग का जिम्मा सौंपा गया है। अभियान के तहत प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक तहसील और संबंधित केंद्रों पर सुनवाई की जाएगी। सत्यापन के दौरान मतदाताओं को आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र या आयोग द्वारा मान्य दस्तावेजों में से कोई एक प्रस्तुत करना होगा। एसडीएम ने स्पष्ट किया है कि नया नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम कटवाने के लिए फॉर्म-7 और सुधार के लिए फॉर्म-8 का प्रयोग किया जा सकता है। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि इस प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि बीएलओ के घर आने पर या नोटिस मिलने पर सहयोग करें ताकि एक स्वच्छ और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार की जा सके।