Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: विकास खंड शोहरतगढ़ के ग्राम पंचायत लुचुईया टोला नडौरा में आयोजित नडौरा प्रीमियर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब किंग इलेवन नडौरा ने अपने नाम कर लिया है। मंगलवार को खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में किंग इलेवन नडौरा ने जहीर इलेवन अलीगढ़वा को करारी शिकस्त दी। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अलीगढ़वा की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में सात विकेट खोकर 85 रन बनाए, जिसमें रिंकू पाल ने सर्वाधिक 31 रनों का योगदान दिया। जवाब में उतरी किंग इलेवन नडौरा की टीम ने विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए मात्र आठ ओवर में ही 88 रन बनाकर जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया। विजेता टीम के आमिर ने 29 रन और कृष्णा यादव उर्फ छोटू ने 19 रन बनाने के साथ ही तीन विकेट चटकाए। मैच के मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष कन्हैया पासवान ने विजेता टीम के कप्तान अमित उपाध्याय को ट्रॉफी के साथ 16 हजार रुपये और उपविजेता टीम के कप्तान जहीर को ट्रॉफी के साथ 8 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए कृष्णा यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ऐसे आयोजन सराहनीय प्रयास हैं। उन्होंने युवाओं से खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। टूर्नामेंट का सफल आयोजन अंशिका फर्टिलाइजर एंड ट्रेडर्स के विवेक उपाध्याय और संजय मिश्रा के संयोजन में संपन्न हुआ। इस भव्य आयोजन के दौरान प्रधान संगठन के जिलाध्यक्ष डॉ. पवन मिश्रा, थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, संतोष पासवान और सूर्य प्रकाश पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। कमेटी अध्यक्ष अमित उपाध्याय, उपाध्यक्ष गोलू उपाध्याय व सदस्यों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में राजकुमार उपाध्याय, विनोद उपाध्याय, अश्विनी मिश्रा और शिवशक्ति शर्मा सहित क्षेत्रीय नागरिकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। आयोजकों ने भविष्य में भी इस तरह के खेल आयोजनों को जारी रखने का संकल्प दोहराया।