मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना में जौनपुर फिर अव्वल’

’जिलाधिकारी ने की समीक्षा,उत्कृष्ट कार्य पर बैंककर्मियों व अधिकारियों का सम्मान’

JAUNPUR NEWS: जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा योजना की बैंकवार प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास योजना के क्रियान्वयन में जनपद लगातार शीर्ष स्थान पर बना हुआ है, जिसे भविष्य में भी बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों से आपसी समन्वय और तत्परता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। साथ ही बैंकों के स्तर पर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने तथा पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं बैंककर्मियों को अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में सुजीत कुमार सिंह (ब्रांच मैनेजर, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया), रणजीत सिंह (यूनियन बैंक ऑफ इंडिया), सुनील गायकवाड (उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक) एवं उनके आर.एम. कपिलेश के.आर., पंकज वर्मा (चीफ मैनेजर, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया), उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के जिला समन्वयक वीरेन्द्र सहित अन्य शामिल रहे। जिलाधिकारी ने सम्मानित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि भविष्य में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को इसी प्रकार सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त बैठक में पीएम सूर्य घर योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि बैंक अधिक से अधिक आवेदनों को स्वीकृत करें ताकि योजना का लाभ आम जनमानस तक पहुंच सके। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में परियोजना निदेशक एवं जिला पंचायत राज अधिकारी द्वारा किए जा रहे उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें भी अंगवस्त्रम प्रदान कर सम्मानित किया गया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक के.के. पाण्डेय, एलडीएम अभय श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग संदीप कुमार, सहायक आयुक्त उद्योग जय प्रकाश सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *