Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

भुक्तभोगी की तहरीर पर जांच पड़ताल में जुटी पुलिस, विधिक कार्रवाई का आश्वासन
PRAYAGRAJ NEWS: कोरांव थाना क्षेत्र के बहियारी खुर्द गांव में मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने एक घर की दीवार काटकर लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात और 28,000 रुपये नकदी चुरा ली। चोरों ने घर में घुसकर बक्सों को तोड़ा। कुछ बक्सों को वे घर से थोड़ी दूर खेत में ले गए, जहां से कीमती सामान निकालने के बाद बाकी सामान तितर-बितर कर फेंक दिया और फरार हो गए। सुबह जब घर के लोग जागे, तो उन्होंने घर का सामान बिखरा हुआ और दीवार कटी हुई पाई। घर के अंदर से सामान गायब देखकर तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी गई। 112 की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद कोरांव थाना पुलिस को भी सूचित किया गया। पीड़ित मिश्रीलाल पुत्र स्व. सियम्बर ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि उनकी पत्नी संजू देवी और दो विवाहित पुत्रियों जानकी व लालती देवी के बक्सों में रखे लगभग तीन लाख रुपये के जेवरात और 28,000 रुपये नकदी अज्ञात चोर उठा ले गए हैं।
इस संबंध में बुधवार शाम कोरांव थाना प्रभारी राकेश कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ित द्वारा चोरी की तहरीर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर लिया है और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।