Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

कांग्रेस नेता शिवाकांत तिवारी ने लिखा पत्र
FATEHPUR NEWS: हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र में स्थित असनी पुल के पिछले करीब सात माह से बंद पड़े होने के कारण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। पुल बंद होने से डलमऊ मार्ग पर लगातार जाम की स्थिति बनी रहती है, भारी वाहनों का दबाव बढ़ गया है और आए दिन सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस गंभीर समस्या को लेकर कांग्रेस नेता एवं एडवोकेट शिवाकांत तिवारी ने नेता प्रतिपक्ष लोकसभा राहुल गांधी को पत्र भेजकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पत्र में उन्होंने बताया कि असनी पुल फतेहपुर–लालगंज–डलमऊ–लखनऊ को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। पुल बंद होने से पूरे जनपद का आवागमन प्रभावित हो रहा है। पुल बंद होने के कारण क्षेत्रीय जनता को मजबूरन वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ रहा है, जो पहले से ही संकरा और जर्जर है। इस मार्ग पर भारी ट्रकों के आवागमन से जाम की स्थिति बन रही है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों पर पड़ रहा है। एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं को भी भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से जनधन की हानि हो रही है। किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में दिक्कतें आ रही हैं, वहीं स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियां भी बुरी तरह प्रभावित हुई हैं। शिवाकांत तिवारी ने कहा कि पुल क्षतिग्रस्त होने के बावजूद अब तक न तो मरम्मत कार्य पूरा हो सका है और न ही प्रशासन द्वारा प्रभावी वैकल्पिक यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था की गई है, जिससे सरकार और प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी से आग्रह किया है कि वे इस गंभीर जनहित और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दे को संज्ञान में लेते हुए केंद्र व राज्य सरकार से तत्काल हस्तक्षेप कराएं, ताकि असनी पुल का कार्य शीघ्र पूरा हो सके। साथ ही पुल के निर्माण तक डलमऊ मार्ग पर भारी वाहनों के संचालन पर रोक, ट्रैफिक नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए, जिससे जाम और दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
कांग्रेस नेता ने उम्मीद जताई कि नेता प्रतिपक्ष की पहल से हुसैनगंज विधानसभा क्षेत्र की जनता को जल्द राहत मिलेगी।