Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सीएमएस ने संदिग्ध युवक को किया पुलिस के हवाले
FATEHPUR NEWS: जिला अस्पताल (सदर अस्पताल) एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) राजेश कुमार ने औचक निरीक्षण के दौरान ओपीडी से भाग रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक को तत्काल अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी के हवाले कर दिया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार सीएमएस राजेश कुमार को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिला अस्पताल की ओपीडी में बाहरी लोग बैठकर अव्यवस्था फैला रहे हैं। इन्हीं शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने टीम के साथ औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जैसे ही एक युवक की नजर सीएमएस पर पड़ी, वह घबराकर मौके से भागने लगा। सीएमएस ने सतर्कता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। सीएमएस राजेश कुमार ने बताया कि पकड़े गए युवक को पुलिस चौकी में बैठाकर पूछताछ कराई जा रही है। यदि युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से जिला अस्पताल में कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया और स्टाफ में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। वहीं इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। यह जांच का विषय बना हुआ है कि ओपीडी में बाहरी व्यक्ति कैसे और किस उद्देश्य से बैठते हैं, और डॉक्टरों द्वारा ऐसे लोगों को अपने पास बैठने की अनुमति क्यों दी जाती है। अस्पताल प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर सख्ती बरती जाएगी और मरीजों की सुविधा व सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा।