समाजवादी पार्टी कार्यालयों में 22, 23 व 24 जनवरी को होंगे वैचारिक कार्यक्रम

FATEHPUR NEWS:  समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल द्वारा जारी अलग–अलग पत्रों के अनुसार पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर जनवरी माह में समाजवादी आंदोलन से जुड़े तीन प्रमुख नेताओं की जयंती/पुण्यतिथि पर प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जारी निर्देशों के मुताबिक 22 जनवरी को प्रख्यात समाजवादी चिंतक छोटे लोहिया जनेश्वर मिश्र की पुण्यतिथि मनाई जाएगी। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के सभी जिला व महानगर कार्यालयों में श्रद्धांजलि सभा आयोजित कर उनके विचारों और व्यक्तित्व पर चर्चा की जाएगी। इसके बाद 23 जनवरी को स्वतंत्रता संग्राम के महान नायक नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई जाएगी। इस मौके पर पार्टी कार्यालयों में गोष्ठियों का आयोजन कर आजाद हिंद फौज के गठन तथा देश की आज़ादी में नेताजी के योगदान पर चर्चा की जाएगी। वहीं 24 जनवरी 2026 को प्रख्यात समाजवादी नेता जननायक कर्पूरी ठाकुर की जयंती मनाई जाएगी। इस अवसर पर जिला एवं महानगर स्तर पर गोष्ठियां आयोजित कर राजनीति में उनके योगदान, सामाजिक न्याय और पिछड़ों के लिए किए गए कार्यों पर विचार विमर्श किया जाएगा। प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों, महानगर अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों एवं प्रमुख नेताओं से अपील की है कि वे इन कार्यक्रमों को पूरी गंभीरता और गरिमा के साथ आयोजित करें तथा समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करें। उक्त आशय की जानकारी जिला महासचिव चौधरी मंज़र यार ने दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *