Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

LAKHIMPUR KHERI NEWS: बुधवार को 70वीं वाहिनी,सशस्त्र सीमा बल (SSB) लखीमपुर खीरी की सी समवाय,भरतपुर द्वारा प्राथमिक विद्यालय, भरतपुर में “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर भव्य एवं गरिमामय स्मरणोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया।यह कार्यक्रम राजन कुमार श्रीवास्तव, कमांडेंट, 70वीं वाहिनी SSB लखीमपुर खीरी के कुशल नेतृत्व, सतत मार्गदर्शन एवं प्रेरणादायी निर्देशन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कमांडेंट के मार्गदर्शन में कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्रगीत “वंदे मातरम्” के ऐतिहासिक महत्व, स्वतंत्रता संग्राम में उसके योगदान तथा वर्तमान पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।कार्यक्रम के अंतर्गत देशभक्ति पद यात्रा एवं जन-जागरूकता रैली का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, ग्रामवासियों,स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा सशस्त्र सीमा बल के अधिकारी एवं जवानों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। रैली के दौरान प्रतिभागियों ने “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय”, “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” जैसे प्रेरणादायी नारों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुँचाया।
पद यात्रा के दौरान उपस्थित जनसमुदाय को राष्ट्रीय मूल्यों, संविधान के प्रति निष्ठा, सामाजिक सद्भाव एवं देश की एकता-अखंडता बनाए रखने के महत्व से अवगत कराया गया । कार्यक्रम स्थल पर राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण बना रहा, जिससे विद्यार्थियों एवं युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला । कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थितजनों द्वारा सामूहिक राष्ट्रगान के भावपूर्ण गायन के साथ किया गया। इस अवसर पर अधिकारियों द्वारा विद्यार्थियों को देशभक्ति,अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के महत्व पर संबोधित किया गया तथा उन्हें जिम्मेदार नागरिक बनने हेतु प्रेरित किया गया ।
70वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल द्वारा आयोजित यह स्मरणोत्सव कार्यक्रम बल एवं समाज के मध्य सुदृढ़ समन्वय, आपसी विश्वास तथा जन-जागरूकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ। ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से SSB निरंतर समाज के साथ जुड़कर राष्ट्रीय चेतना के प्रसार एवं सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए प्रतिबद्ध है ।