Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

जल जीवन मिशन की योजनाओं पर डीएम सख्त, परियोजनाओं की जांच के दिये निर्देश
PRATAPGARH NEWS: जिलाधिकारी शिव सहाय अवस्थी की अध्यक्षता में जिला पेयजल एवं स्वच्छता मिशन की महत्वपूर्ण बैठक कैम्प कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में जल जीवन मिशन के अंतर्गत जनपद में संचालित पेयजल योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता एवं क्रियान्वयन की गहन समीक्षा की गई। बैठक में जल जीवन मिशन के फेज-2 के अंतर्गत सूचीबद्ध फर्म मेसर्स जेएमसी द्वारा 24 पुनर्गठित पेयजल योजनाओं के पुनरीक्षित डीपीआर को संस्तुति एवं स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही फेज-2 एवं फेज-3 के अंतर्गत फर्म मेसर्स पावरटेक एवं मैसर्स जेएमसी द्वारा कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति, स्रोतों की दीर्घकालिक स्थिरता, चयनित ग्रामों में जल सेवा आकलन तथा जनपद की दो चयनित पेयजल योजनाओं में ‘जल अर्पण कार्यक्रम’ आयोजित किए जाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि मेसर्स जेएमसी एवं पावरटेक द्वारा अब तक किए गए कार्यों की जांच हेतु जिला स्तरीय अधिकारियों की टीम गठित की जाए। यदि किसी परियोजना में कार्य न होने की स्थिति पाई जाती है तो संबंधित फर्म को नोटिस जारी किया जाए और तीन दिवस के भीतर संतोषजनक उत्तर न मिलने पर एफआईआर दर्ज कराते हुए ब्लैकलिस्ट की कार्रवाई की जाए। डीएम ने मुख्य विकास अधिकारी से कहा कि यदि जल निगम के अधिशासी अभियंता द्वारा एक माह के भीतर संस्थाओं की जांच प्रक्रिया पूर्ण नहीं की जाती है, तो उनके विरुद्ध भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। परियोजनाओं की जांच हेतु एक मानक चेकलिस्ट तैयार कर उसी के अनुरूप अधिकारियों से रिपोर्ट प्राप्त करने तथा सभी रिपोर्ट प्राप्त होने के पश्चात पुनः समीक्षा बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन परियोजनाओं में बजट की उपलब्धता नहीं है, उनके लिए शासन को तत्काल पत्र प्रेषित कर बजट की मांग की जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं, ताकि प्रत्येक ग्रामीण परिवार को नियमित, सुरक्षित एवं पर्याप्त पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दिव्या मिश्रा, अधिशासी अभियंता जल निगम तौसीफ अहमद सहित समिति के सदस्य व अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।