हकदार तक पहुंचे लाभ, तभी योजना होगी सफलरू गिरीश चंद्र त्रिपाठी

पंडित कृपा शंकर तिवारी महाविद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में कही बात

PRAYAGRAJ NEWS:  ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) विधेयक, 2025 के माध्यम से अब गांवों में रहने वाले पात्र परिवारों को हर वर्ष 125 दिन के रोजगार की कानूनी गारंटी मिलेगी। यह नया कानून करीब 20 वर्ष पुराने मनरेगा अधिनियम की जगह लेगा, जिसमें 100 दिन के रोजगार का प्रावधान था। नए कानून का उद्देश्य केवल रोजगार उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल सुरक्षा, मजबूत अवसंरचना, आजीविका संसाधनों के विकास और आपदा-रोधी निर्माण को बढ़ावा देना है। इसके तहत जल संरक्षण, ग्रामीण सड़कों का निर्माण, भंडारण सुविधाएं और सिंचाई से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।
सरकार ने योजना में पारदर्शिता और जवाबदेही पर विशेष जोर दिया है। डिजिटल उपस्थिति, आधार-आधारित सत्यापन, सीधे बैंक खाते में भुगतान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (।प्) के माध्यम से गड़बड़ी की पहचान और रियल-टाइम निगरानी की व्यवस्था की गई है। निर्धारित अवधि में काम न मिलने की स्थिति में बेरोजगारी भत्ता देना अनिवार्य किया गया है। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए राज्यों को बुआई और कटाई के समय 60 दिनों की ‘नो-वर्क अवधि’ तय करने का अधिकार दिया गया है, ताकि कृषि कार्यों के दौरान श्रमिकों की कमी न हो।
यह जानकारी मांडा क्षेत्र के नहवाई स्थित पंडित कृपा शंकर तिवारी महाविद्यालय में आयोजित मीडिया कार्यशाला में मुख्य अतिथि गिरीश चंद्र त्रिपाठी ने दी। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुई। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता तभी सुनिश्चित होती है, जब उसका लाभ सही व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने इस पहल को ग्रामीण विकास, सुशासन और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। कार्यक्रम में पत्र सूचना कार्यालय के निदेशक दिलीप कुमार शुक्ला, सेवानिवृत्त उप शिक्षा निदेशक एवं समाजसेवी अशोक नाथ तिवारी, बाल कल्याण समिति प्रयागराज के अध्यक्ष अखिलेश कुमार मिश्रा, बैंक ऑफ बड़ौदा के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप कुमार शुक्ला सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। वहीं महाविद्यालय के प्रबंधक कृष्णा तिवारी ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन विश्व भूषण शुक्ला ने किया तथा अंत में आगंतुक अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *