ऑटो रिक्शा ने कंटेनर को पीछे से टक्कर मारी चालक गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती

BHADOHI NEWS:  थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर घोसिया के पास गुरुवार को एक ऑटो रिक्शा ने प्रयागराज से वाराणसी जा रहे कंटेनर ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो रिक्शा चालक विजय कुमार (30 वर्ष) निवासी औराई गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों और 108 एम्बुलेंस की मदद से घायल चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र औराई में भर्ती कराया गया है। गनीमत रही कि दुर्घटना के समय ऑटो रिक्शा में चालक के अलावा कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, औराई क्षेत्र में परिवहन विभाग और स्थानीय पुलिस की कथित मिलीभगत से अप्रशिक्षित चालक धड़ल्ले से ऑटो रिक्शा चला रहे हैं। यातायात पुलिस सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान को नजरअंदाज करते हुए कभी भी ऑटो रिक्शा की जांच-पड़ताल नहीं करती है। यदि संबंधित अधिकारियों द्वारा ऑटो रिक्शा की सही ढंग से जांच की जाए, तो अधिकांश वाहन बिना वैध लाइसेंस, बीमा और फिटनेस प्रमाण पत्र के पाए जाएंगे। विभागीय अधिकारियों की इस उदासीनता के कारण जीटी रोड पर ऑटो रिक्शा से आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *