विराट किसान मेले का भव्य समापन, सांसद व विधायक ने किया उद्घाटन

KUSHINAGAR NEWS: कृषि सूचना तंत्र के सुदृढ़ीकरण एवं कृषक जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित चार दिवसीय “विराट किसान मेला” का आयोजन ब्लॉक संसाधन केन्द्र, पड़रौना में किया गया। मेले के चौथे एवं अंतिम दिन का औपचारिक उद्घाटन विजय कुमार दूबे, सांसद कुशीनगर एवं  विनय प्रकाश गौड़, विधायक रामकोला द्वारा किया गया। उद्घाटन अवसर पर सांसद एवं विधायक द्वारा विभिन्न विभागों, स्वयं सहायता समूहों एवं एफपीओ द्वारा लगाए गए कृषि प्रदर्शनों का अवलोकन किया गया। कार्यक्रम में श्री राजेश श्रीवास्तव (जादूगर) द्वारा कृषि योजनाओं की जानकारी रोचक ढंग से प्रस्तुत की गई। डा0 विनय कुमार मिश्र, वैज्ञानिक, गन्ना अनुसंधान संस्थान सेवरही ने बसंतकालीन गन्ने की खेती, जबकि डा0 शमशेर सिंह, वैज्ञानिक, कृषि विज्ञान केन्द्र सरगटिया ने जैविक एवं प्राकृतिक खेती तथा कद्दू वर्गीय सब्जियों की खेती पर विस्तार से जानकारी दी।
उप कृषि निदेशक अतीन्द्र सिंह ने “धरती बचाओ अभियान” के अंतर्गत संतुलित उर्वरकों एवं कीटनाशकों के प्रयोग पर जोर दिया तथा किसानों से फार्मर रजिस्ट्री कराने की अपील की। मेला प्रभारी एवं जिला कृषि अधिकारी डा0 मेनका ने बताया कि बसंतकालीन गन्ने के साथ उर्द एवं मूंग की सहफसली खेती हेतु बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसके लिए टोकन 31 जनवरी 2026 तक जारी किए जाएंगे। विधायक रामकोला द्वारा प्रदेश सरकार की योजनाओं—फसल बीमा, बीज एवं कृषि यंत्रों पर अनुदान—की जानकारी दी गई। सांसद कुशीनगर ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं से किसान आधुनिक तकनीक अपनाकर कम लागत में अधिक लाभ प्राप्त कर रहे हैं।  मेले के दौरान प्रगतिशील किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान पर तिरपाल वितरित की गई। स्टाल प्रतियोगिता में दुदही फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड को प्रथम, कृषि विज्ञान केन्द्र सरगटिया को द्वितीय तथा फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड, छठियाँव को तृतीय पुरस्कार प्रदान किया गया। उत्कृष्ट योगदान हेतु कृषि वैज्ञानिकों एवं प्रगतिशील किसानों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कृषि वैज्ञानिक, एफपीओ एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। मंच संचालन  लकी तिवारी, वरिष्ठ प्राविधिक सहायक (कृषि रक्षा) द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *