घर की पुताई के लिए मिट्टी खोदते समय धंसा टीला, किशोरी की मौत व चार घायल

FATEHPUR NEWS: कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के खजुहा कस्बे के समीप शुक्रवार सुबह उस समय दर्दनाक हादसा हो गया, जब घर की पुताई के लिए मिट्टी खोदते समय अचानक मिट्टी का टीला धंस गया। इस हादसे में एक किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार खजुहा कस्बा निवासी बबलू शाह की 12 वर्षीय भांजी चांदनी, 16 वर्षीय मुस्कान पुत्री मनोज शाह, कस्बा निवासी सुरेंद्र पाल की 35 वर्षीय पत्नी गुड़िया देवी, उसकी 15 वर्षीय पुत्री शिवानी तथा मोहल्ला निवासी रोहन पाल की 19 वर्षीय पुत्री मोना अमौली तिराहे के पास घर की पुताई के लिए मिट्टी के टीले के नीचे से खुदाई कर रही थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का टीला भरभराकर धंस गया और सभी उसके मलबे में दब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी की मदद से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सभी को मलबे से बाहर निकाला। हालांकि तब तक 12 वर्षीय चांदनी की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घायलों को उपचार के लिए तत्काल बिंदकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मुस्कान की हालत गंभीर देखते हुए उसे सरकारी एंबुलेंस से जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार सीएचसी में जारी है। पुलिस ने मृत किशोरी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जिला अस्पताल पहुंचे मृतका के मामा बबलू शाह ने बताया कि उनकी बहन गुड्डन की शादी करीब 25 वर्ष पूर्व कानपुर जनपद के शाह थाना क्षेत्र के बरई गांव निवासी मनोज शाह से हुई थी। लगभग 12 वर्ष पूर्व बहनोई का निधन हो गया था, जिसके बाद बहन अपने बच्चों के साथ मायके में रहने लगी थी। चांदनी और मुस्कान ननिहाल में ही रह रही थीं। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं गांव और कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *