Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सपा विधायक जाहिद बेग की पहल पर उत्तर रेलवे ने इस दिशा में शुरू कर दी है कवायद
BHADOHI NEWS: हरदुआ गांव में अंडरपास निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। समाजवादी पार्टी के विधायक जाहिद बेग की पहल पर उत्तर रेलवे ने इस दिशा में कवायद शुरू कर दी है। विधायक ने इस संबंध में उत्तर रेलवे प्रतापगढ़ के वरिष्ठ सहायक मंडल अभियंता (एसएडीई) से लखनऊ में मुलाकात की। इस दौरान विधायक बेग ने सरायकंसराय और जंघई रेलवे स्टेशन के बीच हरदुआ गांव में अंडरपास निर्माण के लिए डीआरएम को पूर्व में दिए गए पत्रों के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने बताया कि इस मांग को लेकर डीआरएम को दो बार तथा अन्य अधिकारियों को ज्ञापन दिया जा चुका है। जिसपर वरिष्ठ सहायक मंडल अभियंता ने बताया कि इस संबंध में भदोही के डीएम को 17 जनवरी को एक पत्र भेजा गया है। पत्र में सरायकंसराय स्टेशन से पश्चिम दिशा में अंडरपास की मांग का जिक्र है। उन्होंने यह भी बताया कि पश्चिम दिशा में पोल संख्या 843/1-3-5 के बीच रेलवे सीमा के बाहर एक अप्रोच रोड मौजूद है। इस अप्रोच रोड के किनारे कुछ घर और एक प्राइमरी स्कूल बना हुआ है। यदि इस स्थान पर अंडरपास प्रस्तावित किया जाता है, तो उसके अप्रोच रोड के निर्माण से स्कूल का रास्ता बाधित हो सकता है। इसलिए, इस स्थान पर अंडरपास बनाने के लिए रेलवे विभाग और राज्य सरकार द्वारा स्थलीय निरीक्षण और व्यवहार्यता अध्ययन (फिजिबिलिटी) की आवश्यकता होगी। डीएम से अनुरोध किया गया है कि वे राज्य सरकार की ओर से संबंधित राजस्व विभाग के प्रतिनिधि को नियुक्त करें। रेलवे की ओर से सीनियर सेक्शन इंजीनियर, वर्क्स, पीबीएच को इस कार्य के लिए नियुक्त किया गया है। निरीक्षण के आधार पर अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रदान करने के बाद ही अंडरपास के निर्माण की आगे की कार्रवाई की जा सकेगी।