Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

सिद्धेश्वर मंदिर विवाह वाटिका में 10 जोड़े बने परिणय सूत्र में बंधे, समाज ने दिया आशीर्वाद
JHANSI NEWS: गहोई वैश्य पंचायत झाँसी के तत्वावधान में 29वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आज सिद्धेश्वर मंदिर परिसर स्थित विवाह वाटिका में धार्मिक रीति-रिवाजों एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर 10 जोड़े विधिवत विवाह बंधन में बंधे। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य लोगों, वरिष्ठजनों, मातृशक्ति एवं युवाओं की बड़ी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गहोई वैश्य महासभा अध्यक्ष रामगोपाल छिरोलिया डललू भईया एवं महासभा महा मंत्री दीपक सांवला उपस्थित रहे। अतिथियों के आगमन पर तिलक व माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया गया, तत्पश्चात विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत हुई। सुबह से ही आयोजन स्थल पर मांगलिक वातावरण बना रहा। परंपरागत सजावट, ढोल-नगाड़ों, मंगल गीतों एवं रस्मों के बीच नवदम्पतियों ने सात फेरे लेकर नए जीवन की शुरुआत की। समाजबंधुओं ने वर-वधुओं को आशीर्वाद देते हुए उनके सुखद दांपत्य जीवन की कामना की। सामूहिक विवाह सम्मेलन की व्यवस्थाओं को लेकर पूर्व में श्री गहोई वैश्य पंचायत की एक बैठक भी आयोजित की गई थी, जिसकी अध्यक्षता रामप्रकाश नाछोला ने की। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर सभी पदाधिकारियों को उनके दायित्व सौंपे गए।
सामूहिक विवाह कार्यक्रम अध्यक्ष कमलेश सेठ रज्जू ने बताया कि सम्मेलन में 10 जोड़े विवाह बंधन में बंधें, जिनकी समस्त वैवाहिक सामग्री पंचायत की ओर से प्रदान की जाएगी। वहीं विशाल गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन में उपयोगी घरेलू सामग्री एवं उपहार भी प्रदान किए गए। समारोह में नवविवाहित जोड़ों को जरूरत के अनुसार एक्टिवा स्कूटर, एलईडी, वाशिंग मशीन, पलंग, फ्रिज, अलमारी, सिलाई मशीन, मिक्सर, सोफा सेट, ड्रेसिंग टेबल सहित अन्य घरेलू उपयोग की सामग्री प्रदान किए जाने की व्यवस्था रही।
आयोजन में समाज के अनेक वरिष्ठजन एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। प्रमुख रूप से पंचायत अध्यक्ष प्रकाश चंद नागरिया, पंच हरिओम सेठ, राधेश्याम निखरा, रमेश सेठ, राजेन्द्र नगरिया, बृजेश बड़ोनिया, राजेन्द्र गेडा, अमित सेठ (सर जी), संजीव सोनी, उमेश गुप्ता, ओमप्रकाश बिशोरी, संजय डांगे, केदारनाथ पहाड़िया, डॉ. संदीप सरावगी, प्रदीप नगरिया, अरुण सेठ, ओमप्रकाश खांगट, अशोक बरसैंया, राकेश रावत, जे.पी. कटारे, भरत सेठ, अल्लू गांधी सहित अन्य समाजबंधु उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित झाँसी के प्रतिष्ठित समाजसेवी एवं संघर्ष सेवा समिति के संस्थापक डॉ. संदीप सरावगी ने कहा “सामूहिक विवाह सम्मेलन समाज की एकता, सेवा और संस्कारों का श्रेष्ठ उदाहरण है। आज के समय में जब विवाह आयोजनों में दिखावा बढ़ रहा है, ऐसे आयोजन सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं। नव वर-वधुओं को मेरा आशीर्वाद है कि वे प्रेम, विश्वास और संस्कारों के साथ अपना जीवन सफल बनाएं। समाज के युवाओं को भी आगे आकर सेवा कार्यों में सहयोग करना चाहिए।” कार्यक्रम का संचालन संरक्षक प्रकाश नेता द्वारा किया गया। अंत में आयोजक श्री गहोई वैश्य पंचायत झाँसी ने उपस्थित समस्त समाजबंधुओं का आभार व्यक्त करते हुए नवदम्पतियों के उज्ज्वल भविष्य की मंगलकामना की।