Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

SIDHARTHNAGAR NEWS: जनपद के बढ़नी ब्लॉक के विभिन्न गांवों में ‘साइबर सिक्योरिटी वीजा प्रोजेक्ट’ के अंतर्गत डिजिटल सुरक्षा को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से आयोजित इस कार्यक्रम के तहत पिपरा, ढबरुआ, पिकौरा, लोहटी, दुधवानिया, परसोहिया और सिसवा उर्फ शिवभरी सहित अन्य गांवों में ग्रामीणों को ऑनलाइन ठगी से बचने के गुर सिखाए गए। जागरूकता कार्यक्रम के दौरान सीएससी के ग्राम स्तरीय उद्यमियों (वीएलई) ने नागरिकों को वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराध, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सुरक्षित डिजिटल लेनदेन के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आम जनमानस को सुरक्षित इंटरनेट के उपयोग के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में ओटीपी फ्रॉड, फर्जी कॉल (विशिंग), सोशल मीडिया सुरक्षा, मजबूत पासवर्ड के महत्व और सुरक्षित यूपीआई लेनदेन के संबंध में विस्तार से जानकारी साझा की गई। ग्रामीणों को सचेत करते हुए बताया गया कि अपनी निजी जानकारी या बैंक संबंधी विवरण किसी अज्ञात व्यक्ति से साझा न करें। डिजिटल युग में सतर्कता और सही जानकारी ही ऑनलाइन ठगी से बचाव का सबसे प्रभावी और सुलभ उपाय है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने का संकल्प लिया।