उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस पर भव्य आयोजन, उत्कृष्ट शिक्षकों का हुआ सम्मान

KAUSHAMBI NEWS:  डाइट मैदान मंझनपुर में शनिवार को  विकसित उत्तर प्रदेश–विकसित भारत की संकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन पूरे उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्य मुख्य अतिथि ललित कला अकादमी के अध्यक्ष सुनील कुमार विश्वकर्मा ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के विकास, शिक्षा में नवाचार तथा गुणवत्तापूर्ण शिक्षण को लेकर विस्तृत विचार रखे गए। वक्ताओं ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों से बेसिक शिक्षा को नई दिशा मिल रही है और शिक्षक नवाचारों के माध्यम से बच्चों के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। इस अवसर पर बेसिक शिक्षा विभाग में नवाचारों के माध्यम से अपने-अपने विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कड़ा ब्लॉक के शिक्षकों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इनमें प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर के शिक्षक रामकृष्ण साहू, शिक्षा मित्र बीरेंद्र कुमार केसरवानी प्राथमिक विद्यालय हिसामपुर परसखी, बीडी राना उच्च प्राथमिक विद्यालय नांदेमई, भोलेन्द्र वर्मा प्राथमिक विद्यालय उदयराज का पूरा,  सर्वेश मौर्य अजुहा, एआरपी शबीना बानो, एआरपी रेनू वर्मा, एआरपी विनोद कुमार शुक्ल, एआरपी डी के श्रीवास्तव, शिक्षक अफरोज आलम, प्रभाकर मिश्रा, जयनेंद्र कुमार, दीपक माले, भरत लाल मौर्य, सत्य प्रकाश सहित कुल साठ शिक्षक-शिक्षिकाएं शामिल रहीं। सभी को मुख्य अतिथि ने  प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए पुरस्कृत किया गया।
सम्मानित शिक्षकों ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि यह पुरस्कार उन्हें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने बच्चों की शिक्षा को रुचिकर और प्रभावी बनाने के लिए निरंतर नवाचार करते रहने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन न केवल शिक्षकों के मनोबल को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि विकसित उत्तर प्रदेश की दिशा में शिक्षा के महत्व को भी सशक्त रूप से रेखांकित करता है। कार्यक्रम में भाजपा जिलाअध्यक्ष धर्मराज मौर्य, जिला पंचायत अध्यक्ष कल्पना सोनकर, जिलाधिकारी अमित पाल, मुख्य विकास अधिकारी विनोद राम त्रिपाठी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डा. कमलेंद्र कुमार कुशवाहा, खंड शिक्षा अधिकारी कड़ा नीरज कुमार उमराव सहित जिला स्तरीय सभी अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *