Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

पूर्व विधायक विक्रम सिंह से संवाद, व्यापारियों ने रखी मांगें
FATEHPUR NEWS: आदर्श व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री प्रदीप गर्ग के नेतृत्व में शहर के समस्त व्यापारियों के साथ पूर्व विधायक श्री विक्रम सिंह के कार्यालय में एक महत्वपूर्ण संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में नगर के व्यापारियों ने बड़ी संख्या में सहभागिता करते हुए अपनी ज्वलंत समस्याओं को खुलकर सामने रखा। संगोष्ठी के दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप गर्ग ने व्यापारियों की ओर से नगर से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को पूर्व विधायक विक्रम सिंह के समक्ष विस्तार से रखा। व्यापारियों ने कर व्यवस्था, प्रशासनिक जटिलताओं, सुरक्षा व्यवस्था, अतिक्रमण और व्यापार में आ रही अन्य कठिनाइयों को प्रमुखता से उठाया। प्रदीप गर्ग ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का समाधान कराना आदर्श व्यापार मंडल की प्राथमिकता है और संगठन इसके लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। पूर्व विधायक विक्रम सिंह ने व्यापारियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार द्वारा व्यापारियों के लिए संचालित सभी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उन्हें दिलाने के लिए वे हर संभव सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि भले ही वे वर्तमान में विधायक न हों, लेकिन फतेहपुर उनका अपना जनपद है और यहां के व्यापारी व आम जनता उनके परिवार का हिस्सा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि व्यापारी हों या किसी भी समाज अथवा संगठन के लोग, वे सदैव फतेहपुर की जनता के साथ मजबूती से खड़े रहेंगे। संगोष्ठी में संरक्षक हरिओम रस्तोगी, संरक्षक राजीव पुरवार, प्रदेश महिला अध्यक्ष डॉ. माधुरी साहू, जिला अध्यक्ष अभिनव यादव, जिला महामंत्री अमित शरण बॉबी, पत्रकार विनोद कसेरा, युवा जिला अध्यक्ष मोहम्मद इमरान, महताब आलम, मोहम्मद अनीस, हार्दिक गुप्ता, अमित सोनी, बबल सोनी, अभय गुप्ता, रिंकू सरदार, उपेंद्र सिंह, राजीव गुप्ता, गोविंद सिंह, संजीव चौरसिया सहित नगर के अनेक प्रतिष्ठित व्यापारी उपस्थित रहे।