पुलिस लाइन में मनाया गया गणतंत्र दिवस, मंत्री राकेश सचान ने किया ध्वजारोहण

मंत्री राकेश सचान ने ध्वजारोहण कर ली परेड की सलामी
उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मी हुए सम्मानित


FATEHPUR NEWS: पुलिस लाइन फतेहपुर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास, अनुशासन और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम, खादी एवं ग्रामोद्योग, रेशम उद्योग, हथकरघा तथा वस्त्र उद्योग विभाग राकेश सचान रहे। मंत्री श्री सचान ने ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी तथा परेड का निरीक्षण किया। इस अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिन्हें उपस्थित जनसमूह ने सराहा। कार्यक्रम के दौरान मंत्री राकेश सचान ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शील्ड, प्रशंसा पत्र आदि प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी को 77वें गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 26 जनवरी 1950 को भारतीय संविधान लागू हुआ और भारत एक संप्रभु, धर्मनिरपेक्ष एवं लोकतांत्रिक गणराज्य बना। संविधान के कारण ही देश में विविधता के बावजूद एकता बनी हुई है तथा सभी नागरिकों को समान अधिकार प्राप्त हैं। मंत्री ने कहा कि संविधान के प्रति सम्मान और श्रद्धा रखना प्रत्येक भारतीय नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। संविधान हमें सम्मान के साथ जीने और आगे बढ़ने का अवसर देता है। उन्होंने जनपद फतेहपुर के अमर बलिदानियों एवं महान क्रांतिकारियों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी में उनका अहम योगदान रहा है। मंत्री श्री सचान ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश में भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है और पुलिस संवेदनशीलता के साथ आमजन को सुरक्षा प्रदान कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में प्रदेश में 60,244 नए आरक्षियों की निष्पक्ष व पारदर्शी भर्ती की गई है, जिससे पुलिस बल की ऐतिहासिक वृद्धि हुई है। इसी क्रम में जनपद फतेहपुर को 500 नए आरक्षी मिले हैं, जिससे कानून व्यवस्था और मजबूत हुई है। उन्होंने महिलाओं के सशक्तिकरण, किसानों के हित में किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, उपज का उचित मूल्य, युवाओं के लिए सीएम युवा उद्यमी अभियान के तहत ऋण सुविधा जैसी योजनाओं का उल्लेख किया। मंत्री ने कहा कि पुलिस की नौकरी आम जनता की सेवा का माध्यम है और प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र और संविधान के प्रति सच्ची निष्ठा रखते हुए भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में योगदान दे। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविन्द्र सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार सिंह ने मंत्री राकेश सचान को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह, विधायक खागा कृष्णा पासवान, विधायक जहानाबाद राजेंद्र सिंह पटेल, विधायक जय कुमार सिंह जैकी, जिला अध्यक्ष भाजपा अन्नू श्रीवास्तव, जनपद न्यायाधीश सुधीर कुमार V, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व), अपर जिलाधिकारी न्यायिक, अपर पुलिस अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *