व्हाट्सऐप पर भेजे गए शादी के कार्ड से ठगी,साइबर टीम ने वापस कराए पैसे

MIRZAPUR NEWS:  व्हाट्सऐप पर शादी का निमंत्रण पत्र भेजकर की गई ऑनलाइन ठगी के मामले में अहरौरा साइबर पुलिस टीम ने ठगी की पूरी रकम 1,04,997 रुपये पीड़ित के खाते में वापस कराया। अहरौरा थाना क्षेत्र के टिकरा खडण्जा निवासी विनोद कुमार पुत्र सुरेश कुमार ने 8 अगस्त 2025 को साइबर सेल, थाना अहरौरा में ऑनलाइन ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित के व्हाट्सऐप पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा शादी का निमंत्रण कार्ड भेजा गया था। कार्ड देखने के दौरान एक स्कैनर खुल गया, जिसके बाद मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। कुछ समय बाद मोबाइल चालू करने पर खाते से 1,04,997 रुपये निकलने के संदेश आने लगे। पीड़ित की शिकायत NCRP पोर्टल पर दर्ज की गई। मामले की जानकारी मिलते ही थाना अहरौरा की साइबर सेल टीम ने जांच शुरू की।
पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सोमेन बर्मा के निर्देशन में तथा अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन व क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में साइबर टीम ने जांच के दौरान पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी। खाते में पैसे वापस आने के बाद पीड़ित ने थाने पहुंचकर मीरजापुर पुलिस के उच्च अधिकारियों और साइबर क्राइम टीम, थाना अहरौरा की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद दिया। इस दौरान पीड़ित को साइबर जागरूकता अभियान के तहत ऑनलाइन ठगी से बचने के बारे में जानकारी दी गई और अन्य लोगों को भी सतर्क करने के लिए कहा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *