Physical Address
Pratahkal Express Newspaper
79A-Moti Lal Nehru Road Prayagraj
Opp Women’s Hostel Allahabad University

400 से अधिक मरीजों को मिला उपचार
ETAWA NEWS: स्व. सुंदर सिंह राजपूत की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर रविवार को कृष्णा उत्सव गार्डन, पचावली रोड, इटावा में आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में 400 से अधिक मरीजों की जांच, उपचार एवं परामर्श किया गया। मां सर्जिकल एवं मेडिकल स्टोर के सौजन्य से आयोजित इस शिविर में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें लग गईं और दूर-दराज के क्षेत्रों से भी लोग उपचार के लिए पहुंचे। शिविर में उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय, सैफई से जुड़े वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सकों की टीम ने सेवाएं दीं। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय राजपूत, बाल रोग विशेषज्ञ प्रो. (डॉ.) गणेश वर्मा, महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी, सामान्य शल्य चिकित्सक प्रो. (डॉ.) शेष कुमार वर्मा एवं डॉ. रामलखन वर्मा, टीबी व चेस्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. विकास राजपूत तथा दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव जैन ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया। चिकित्सा शिविर में कमर, घुटना और गर्दन दर्द, जोड़ों की बीमारी, साइटिका, हड्डियों से संबंधित समस्याएं, बच्चों के सामान्य एवं जटिल रोग, महिलाओं से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं, पेट व आंतों के रोग, हर्निया, पाइल्स, टीबी, सांस एवं फेफड़ों से संबंधित बीमारियों के साथ दांत और जबड़े के रोगों की जांच की गई। चिकित्सकों ने मरीजों को बीमारी से बचाव और स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में भी आवश्यक सलाह दी। शिविर के दौरान हड्डियों में कैल्शियम की जांच (बीएमडी), स्पायरोमेट्री, रक्तचाप, शुगर और वजन की जांच निःशुल्क की गई। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को राहत मिली। हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय राजपूत ने कहा कि स्व. सुंदर सिंह राजपूत की पुण्य स्मृति में आयोजित यह चिकित्सा शिविर समाज सेवा की भावना से प्रेरित है। बड़ी संख्या में मरीजों की उपस्थिति यह दर्शाती है कि ऐसे शिविर ग्रामीण व शहरी दोनों क्षेत्रों के लोगों के लिए कितने उपयोगी हैं। हमारा प्रयास है कि जरूरतमंदों तक विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं पहुंच सकें। आयोजक पंकज राजपूत एवं इंजीनियर संतोष राजपूत ने बताया कि शिविर का उद्देश्य स्व. सुंदर सिंह राजपूत की स्मृति को समाजसेवा के माध्यम से जीवंत बनाए रखना है। आयोजन में परिवारजनों, स्थानीय लोगों एवं स्वयंसेवकों का सक्रिय सहयोग रहा, जिससे शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हो सका। इस मौके पर पूर्व सीएमओ डॉ बीके गुप्ता एवं सैफई विश्वविद्यालय के ऑर्थोपेडिक डिपार्मेंट के विभाग अध्यक्ष प्रो. डॉ सुनील कुमार, डॉ एम एस पाल, डॉ विकास यादव आदि मौजूद रहे।